जबलपुर,(ईएमएस)। जिले के सिहोरा इलाके में गुरुवार रात उस वक्त सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जब एक दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान तोड़फोड़ और उसके बाद दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-5 स्थित आजाद चौक की है, जहाँ हालात इस कदर बेकाबू हो गए कि दर्जनों की तादाद में उपद्रवी लाठी-डंडे और पत्थर लेकर सड़कों पर उतर आए। इस हिंसक झड़प में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचा है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। विवाद की शुरुआत मंदिर में आरती के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर बताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने स्पीकर की तेज आवाज पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी, जिससे आक्रोश फैल गया। सिहोरा का आजाद चौक क्षेत्र भौगोलिक रूप से बेहद संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि यहाँ दुर्गा मंदिर और मदीना अहले सुन्नत मस्जिद बिल्कुल आमने-सामने स्थित हैं। घटना के समय मंदिर में शाम की आरती चल रही थी और लगभग उसी समय मस्जिद में नमाज का वक्त भी था। रमजान का महीना शुरू होने के कारण इलाके में पहले से ही गहमागहमी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के बाद उपद्रवियों ने मंदिर पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में दूसरे पक्ष की ओर से भी प्रतिक्रिया हुई। लगभग 10 मिनट तक दोनों गुट आमने-सामने रहे और पूरे इलाके में ईंट-पत्थर चलने लगे। सूचना मिलते ही सिहोरा, खितौली और गोसलपुर थानों की पुलिस टीमें मौके पर पहुँचीं, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर मुख्यालय से अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। जबलपुर रेंज के आईजी, डीआईजी, जिला कलेक्टर और एसपी सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारियों ने देर रात मोर्चा संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 25 से ज्यादा उपद्रवियों की पहचान की है, जिनमें से 15 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस प्रशासन ने उपद्रवियों की गाड़ियों को जब्त करना शुरू कर दिया है और उनके खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर सशस्त्र बल तैनात है। अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और घरों के अंदर रहने की अपील की है ताकि किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोका जा सके। इस घटना पर राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने बताया कि वह भोपाल में विधायक दल की बैठक में थे, तभी उन्हें कार्यकर्ताओं ने इस हिंसक झड़प की जानकारी दी। उन्होंने तत्काल जिले के पुलिस कप्तान और प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रदेश के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा को भी हालात से अवगत करा दिया गया है। एसएसपी संपत उपाध्याय के अनुसार, पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर झगड़े की मुख्य वजह और पत्थरबाजी शुरू करने वाले मुख्य दोषियों की तलाश कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है ताकि असामाजिक तत्व दोबारा सक्रिय न हो सकें। वीरेंद्र/ईएमएस/20फरवरी2026