अंतर्राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका में आयोजित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई मुलाकात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। कार्यक्रम का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें शरीफ मंच पर ट्रंप के संबोधन के दौरान खड़े होते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि अपने भाषण के बीच ट्रंप ने शरीफ की ओर इशारा करते हुए कहा, प्लीज स्टेंड अप। इसके बाद शहबाज शरीफ तुरंत अपनी सीट से खड़े हो गए। इस क्षण को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स इसे राजनयिक शिष्टाचार बता रहे हैं, जबकि अन्य ने इसे अत्यधिक सम्मान या चाटुकारिता करार दिया है। वायरल क्लिप्स में यह भी देखा जा सकता है कि शरीफ ने ट्रंप का गर्मजोशी से अभिवादन किया। एक अन्य वीडियो में ऐसा प्रतीत होता है कि वे हल्का झुककर उनसे हाथ मिलाते या गले मिलने का प्रयास कर रहे हैं। मंच से उतरते समय शरीफ द्वारा हाथ से किया गया एक संक्षिप्त इशारा भी चर्चा में है, जिसे कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ‘सैल्यूट’ बता रहे हैं। हालांकि, यह कोई औपचारिक सैन्य सलामी नहीं थी, बल्कि सामान्य अभिवादन जैसा इशारा था। कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बातचीत की थी। उन्होंने क्षेत्रीय तनाव कम करने के प्रयासों की बात कही। इससे पहले ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की उद्घाटन बैठक में शहबाज शरीफ ने ट्रंप की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ट्रंप के हस्तक्षेप से भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित बड़े टकराव को टालने में मदद मिली। शरीफ ने ट्रंप को “शांति का आदमी” बताते हुए उनकी “डायनामिक लीडरशिप” की सराहना की। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक स्तर पर किसी विवाद की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप्स के आधार पर बहस तेज हो गई है। कूटनीतिक हलकों में इसे सामान्य प्रोटोकॉल का हिस्सा बताया जा रहा है, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इसे अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 20फरवरी26