- सेंसेक्स 100 अंक फिसला, निफ्टी 25,406 अंक पर मुंबई (ईएमएस)। एशियाई बाजारों से मिले-जुले रुझानों और वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में कमजोरी से बाजार पर दबाव बना रहा। हालांकि, खुलने के कुछ ही देर बाद प्रमुख सूचकांकों में हल्की रिकवरी भी देखने को मिली। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 82,272 अंक पर गिरावट के साथ खुला। शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद यह 60.87 अंक की बढ़त के साथ 82,437.27 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह निफ्टी 50 25,406 अंक पर कमजोर शुरुआत के साथ खुला। लेकिन बाजार में सीमित खरीदारी लौटने से यह 11.40 अंक की मामूली तेजी के साथ 25,465 अंक पर ट्रेड कर रहा था। बाजार की धारणा पर वैश्विक घटनाक्रम का भी असर दिखा। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों को सतर्क बना दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने हाल ही में कहा कि ईरान के पास अपने परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करने के लिए 10 से 15 दिन का समय है। इस बयान से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अस्थिरता बढ़ी है। गौरतलब है कि गुरुवार को भारतीय बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे, जिसका असर शुक्रवार की शुरुआत पर भी देखने को मिला। विश्लेषकों के अनुसार, फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और निवेशकों को वैश्विक संकेतों पर नजर बनाए रखने की जरूरत है। सतीश मोरे/20फरवरी ---