- नहाते समय पानी में टच हुआ तार, सिंचाई के लिए नाले में लगाई गई थी मोटर राजगढ़(ईएमएस) जिले के खिलचीपुर थाना अंतर्गत गिरधरपुरा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया , जिसमें 17 वर्षीय नाबालिग राजाराम तंवर की करंट लगने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम खिलचीपुर अस्पताल में करवाया गया। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, राजाराम गुरुवार को दोपहर साढ़े 4 बजे अपने गांव के नाले में नहाने गया था। नाले के किनारे खेतों की सिंचाई के लिए बिजली की मोटर लगी हुई थी। मोटर का तार पहले से कटा हुआ था। नाले का पानी बढ़ने पर यह तार पानी में उतर गया और पूरे नाले में करंट फैल गया। नहाते समय राजाराम अचानक करंट की चपेट में आ गया। - मोटर बंद कर शव बाहर निकाला घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने मोटर बंद की और राजाराम को नाले से बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे देर शाम को खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया, और पुलिस को सूचना दी, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रात होने के कारण शव को अस्पताल की मरच्यूरी में रखा गया। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया। गांव में रहने वाले बनेसिंह तंवर के चार बेटों में तीसरे नंबर का बेटा मृतक राजा राम था। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।-निखिल/राजगढ़/20/2/2026