- चार आरोपी गिरफ्तार बालोद(ईएमएस)। जिले के मालीघोरी क्षेत्र में पिछले महीने हुई हाई-प्रोफाइल धान चोरी की गुत्थी को बालोद पुलिस ने सुलझा लिया है। ट्रक की किस्त (EMI) नहीं चुका पाने के दबाव में एक ट्रक मालिक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 900 कट्टा धान से भरे ट्रक को चोरी किया था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी का धान, घटना में प्रयुक्त ट्रक और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक (ASP) मोनिका ठाकुर ने बताया कि बीते 16 जनवरी को ग्राम मालीघोरी के धर्मकांटा के पास से अज्ञात चोरों ने धान से भरा ट्रक (क्रमांक CG 08 AV 1711) चोरी कर लिया था। आरोपी इस ट्रक को दमकसा बड़भूम के पास ले गए और उसमें लदे 900 कट्टों में से 280 कट्टा शासकीय धान अपने निजी ट्रक में शिफ्ट कर लिया। इस मामले में धारा 316(3) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन और ASP मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों को घेरा। पूछताछ में मुख्य आरोपी नेतराम देवांगन ने बताया कि उसके पास दो ट्रक हैं, जिनका किस्त न चुकाने के कारण फाइनेंस कंपनी वाले उसे परेशान कर रहे थे। कर्ज चुकाने के लिए उसने तीन दिनों तक मालीघोरी में रेकी की और मौका पाकर चाबी लगे ट्रक को चोरी कर लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने चोरी किए गए ट्रक का GPS सिस्टम तोड़कर फेंक दिया। शासकीय धान की पहचान छिपाने के लिए उन्होंने सरकारी बारदानों को बदलकर धान को स्थानीय बोरों में भर दिया और अपने ससुराल ग्राम कंगलूटोला में छिपा दिया। पुलिस ने ग्राम कोरगुडा निवासी नेतराम देवांगन (37), काशीराम देवांगन (32), तरुण उर्वसा उर्फ लल्ला (25) और धर्मेंद्र धनकर (27) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 179 कट्टा धान और वारदात में इस्तेमाल ट्रक (CG 08 AQ 7884) जब्त किया गया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 फरवरी 2026