क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। ग्राम पंचायत बड़े अतरमुड़ा में विद्या विकास स्कूल से मेडिकल कॉलेज मेन रोड तक करीब ढाई किलोमीटर लंबी सड़क लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे रोजाना दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। सड़क निर्माण के लिए वर्ष 2023-24 के बजट में 14 करोड़ 57 लाख 26 हजार रुपए की स्वीकृति भी मिल चुकी है। विभागीय इंजीनियर निरीक्षण कर चुके हैं, लेकिन डेढ़ साल बीत जाने के बाद भी टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। फाइल दफ्तर में लंबित है और आमजन रोज जोखिम उठाने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार, यह सड़क पहले कच्चा मार्ग थी। वर्ष 2007 में एसईसीएल के सीएसआर मद से इसका निर्माण कराया गया था। शुरुआती वर्षों में सड़क की स्थिति अच्छी थी, लेकिन समय पर रखरखाव नहीं होने से अब यह पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की गई थी, लेकिन मरम्मत कार्य ठीक से नहीं किया गया। कई जगहों पर मिट्टी धंस गई है और डामर उखड़कर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। ग्राम पंचायत बड़े अतरमुड़ा के सरपंच महेश पटेल के अनुसार, पीडब्ल्यूडी के 2023-24 बजट में सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और मुआवजे का मामला भी सुलझ चुका है। इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी द्वारा टेंडर जारी नहीं किया जा रहा है। पूछने पर इंजीनियर और एसडीओ स्पष्ट जवाब देने के बजाय टालमटोल करते हैं। करीब दो साल से मामला लंबित है, जबकि क्षेत्रवासी रोजाना बदहाल सड़क से जूझ रहे हैं। अब ग्रामीणों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग उठाई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 फरवरी 2026