क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


- होली पर बदमाशों की धरपकड़ तेज होगी रायगढ़(ईएमएस)। जिले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में होली के मद्देनजर बदमाशों की धरपकड़ तेज करने और अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने निर्देशित किया कि जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग से पहले सभी राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने अनुविभाग स्तर पर थाना प्रभारियों और विवेचकों की बैठक लें। इसका उद्देश्य गंभीर अपराधों की समीक्षा और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करना है। उन्होंने विवेचकों के मार्गदर्शन के लिए समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित करने और सामान्य अपराध जैसे मारपीट, जुआ-सट्टा व आबकारी प्रकरणों का सात दिवस के भीतर निकाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लंबित मामलों की संख्या नियंत्रित रहे। एसएसपी ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट, शराब मुलाहिजा रिपोर्ट या पटवारी नक्शा जैसे कारणों से प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में लंबित अपराध, गुम इंसान, मर्ग और शिकायतों की समीक्षा कर थाना प्रभारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। जिले में लागू बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि प्रत्येक बीट प्रभारी अपने क्षेत्र की पूरी जानकारी रखे और किसी भी घटना या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचे। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात डीएसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। हिट एंड रन मामलों की नियमित समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। होली पर्व को देखते हुए असामाजिक तत्वों की पहचान कर अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि त्योहारों में शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी। विजुअल पुलिसिंग के तहत तीन सवारी, ड्रिंक एंड ड्राइव और अन्य यातायात उल्लंघनों पर सख्ती बरतने को कहा गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने निर्देश दिए कि थाना क्षेत्रों में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और वैश्यावृत्ति जैसी गतिविधियां किसी भी स्थिति में संचालित न होने दी जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि जिस थाना क्षेत्र में लापरवाही पाई जाएगी, वहां के प्रभारी के विरुद्ध जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 फरवरी 2026