क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


- परिजनों ने SSP से निष्पक्ष जांच की मांग रायगढ़(ईएमएस)। जिले के थाना जूटमिल क्षेत्र के भाठनपाली स्थित एक सोयाबीन फैक्ट्री में 33 वर्षीय मकरध्वज मालाकार उर्फ मनीष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता डुलेश्वर मालाकार ने मामले को संदिग्ध बताते हुए एसएसपी से निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच की मांग की है। दोपहर परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर फैक्ट्री प्रबंधन व कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। परिजनों के अनुसार, घटना 4 फरवरी की सुबह करीब 8:29 बजे की है। फैक्ट्री में कार्यरत एक व्यक्ति ने मृतक के मोबाइल से उनके भतीजे को फोन कर बताया कि मनीष खाना नहीं खा रहा और किसी की बात नहीं सुन रहा। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो मनीष बिस्तर पर लुढ़का हुआ था और उसका मुंह खाने की थाली पर रखा था। थाली में चिकन-भात परोसा गया था, जबकि पास रखी कढ़ाई में मटर-आलू की सब्जी थी। पंचनामा के दौरान शव को पलटने पर नाक से खून निकलने, चेहरा काला पड़ने और जबड़े में सूजन होने की बात परिजनों ने बताई। उनका आरोप है कि पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ किए बिना शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का यह भी कहना है कि घटना स्थल को सील नहीं किया गया,सीसीटीवी फुटेज की तत्काल जांच नहीं हुई,कमरे से खाने की सामग्री जब्त नहीं की गई,फैक्ट्री मालिक ने सीसी फुटेज दिखाने से इनकार कर दिया डुलेश्वर मालाकार ने एसएसपी से मांग की है कि फैक्ट्री परिसर की सीसीटीवी फुटेज जब्त की जाए,घटना स्थल की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाए,पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए,फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों से विस्तृत पूछताछ हो फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होने की संभावना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 फरवरी 2026