- जहर खाने के बाद रास्ते में तोड़ा दम, पति पर गंभीर आरोप गुना (ईएमएस)।जिले के आरोन क्षेत्र से एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहरीला पदार्थ खाने से उसकी हालत बिगडऩे पर ससुराल पक्ष उसे आरोन अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन गंभीर स्थिति बताकर जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद उसे वहीं छोडक़र भाग गया। बाद में मायके वाले उसे जिला अस्पताल लेकर आ रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान गुलाब बाई (35) पति मोहन बंजारा निवासी बोर्डीसर अमरपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुलाब बाई की शादी तीन साल पहले हुई थी और उसकी दो साल की एक बेटी भी है। गुरुवार शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसके बाद ससुराल पक्ष उसे आरोन अस्पताल ले गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन ससुराल पक्ष वहां से उसे छोडक़र फरार हो गया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और गुलाब बाई को जिला अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुआ, लेकिन गुना पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। शुक्रवार को जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पति शराब पीकर अक्सर गुलाब बाई के साथ मारपीट करता था। कई बार पंचायत भी हुई थी, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी। भाई का आरोप है कि गुरुवार को भी मारपीट के बाद पति ने ही उसे जहरीला पदार्थ खिला दिया और मौत की आशंका होने पर अस्पताल में छोडक़र भाग गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। - सीताराम नाटानी