जांजगीर(ईएमएस)। कचंदा पिछड़ा वर्ग विकास संगठन छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और यूजीसी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय में विशाल शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम कचहरी चौक के पीछे टी-मार्ट परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार के नाम 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने तथा भारत सरकार के प्रधानमंत्री के नाम यूजीसी नियमों को प्रभावी करने के समर्थन में ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। कार्यक्रम संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि अधिकारों की लड़ाई के लिए समाज को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संगठन पूर्णतः गैर-राजनीतिक है और किसी भी दल से उसका कोई संबंध नहीं है। प्रदेश प्रवक्ता रामकुमार पटेल ने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि बड़े महाविद्यालयों में आरक्षण लागू न होना गंभीर विषय है। संगठन के उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल ने महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले, छत्रपति साहूजी महाराज और डॉ. भीमराव आंबेडकर के सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में संरक्षक संग्राम सिंह यादव, मन्नू पटेल, जिला अध्यक्ष नीलम यादव, सोशल मीडिया प्रभारी नारायण साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 फरवरी 2026