कांकेर(ईएमएस)। शहर के जिला अस्पताल के बाहर स्थित गांधी उद्यान इन दिनों अस्थायी वाहन पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया है। यहां दोपहिया के साथ-साथ चारपहिया वाहन भी खड़े किए जा रहे हैं। उद्यान परिसर में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण मुख्य मार्ग से आवागमन प्रभावित हो रहा है। इससे न केवल अन्य वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि पैदल चलने वाले राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन को गांधी उद्यान में वाहनों की पार्किंग पर रोक लगानी चाहिए। अव्यवस्थित पार्किंग की वजह से आए दिन विवाद की स्थिति भी बन रही है। नागरिकों ने प्रशासन से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।