- पुतला दहन कर सौंपा ज्ञापन कांकेर(ईएमएस)। जिले के विकासखंड दुर्गुकोंदल की नदियों में कथित रूप से जारी अवैध रेत खनन के विरोध में ब्लॉक युवक कांग्रेस ने प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रेत माफिया पर रोक लगाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा खनन विभाग की भूमिका की जांच की मांग उठाई। ब्लॉक युवक कांग्रेस अध्यक्ष गन्नू राम सिन्हा ने आरोप लगाया कि दुर्गुकोंदल क्षेत्र में रेत माफिया खुलेआम अवैध खनन कर रहे हैं। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और नदी तटों के कटाव से ग्रामीण इलाकों में खतरा बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शन के बाद युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। कार्यक्रम में नरेंद्र पटेल, हरेश रावटे, परमेश्वर बघेल, फुलेश्वर यादव, राकेश कुमार यादव, संजीत पटेल, शिवराज सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)20 फरवरी 2026