20-Feb-2026
...


- पांच साल पहले की थी लव मैरिज, सुसाइड नोट नहीं मिलने से कारण अज्ञात - पारिवारिक कारणो के चलते आत्महत्या की आंशका भोपाल(ईएमएस)। शहर के परवलिया सड़क इलाके में इंडिगो एयरलाइंस में फ्लाइट मैनेजर की नौकरी करने वाले युवक द्वारा करीब आधी रात को अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी किये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शुरुआती जॉच में फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य सुराग नहीं मिलने से आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि शुरुआती पड़ताल के आधार पर पुलिस को आशंका है, कि पारिवारिक कारणों के चलते मृतक ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। आगे की जॉच के लिये पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार परवलिया सड़क थाना क्षेत्र में स्थित शांति एनक्लेव में परिवार सहित रहने वाले मुर्तजा हसन (30) पिता परवेज हसन इंडिगो एयरलाइंस में फ्लाइट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। करीब पॉच साल पहले मुर्तजा ने लव मैरिज की थी, उनकी चार साल की एक बेटी भी है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे मुर्तजा हसन ने अपने मकान के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि इस दौरान घर में मौजूद उनकी पत्नि दूसरे कमरे में थी, देर रात नींद खुलने पर उन्हें दूसरे कमरे में पति का शव को फांसी के फंदे पर लटका नजर आया। इसके बाद उन्होनें तुरंत ही परिजनों को सूचना दी। खबर मिलने पर पहुचीं पुलिस और एफएसएल टीम से घटनास्थल की छानबीन के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेजा जहॉ से शुक्रवार दोपहर पीएम के बाद शव परिजनों को सौपं दिया गया है। मृतक के पिता दुबई में नौकरी करते हैं, वहीं उसका भाई पंजाब में जॉब करता है। हादसे की सूचना दोनों को दे दी गई थी, उनके भोपाल लौटने पर शनिवार को मृतक के शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। जॉच टीम का कहना है की मृतक के मोबाइल फोन की जॉच और परिवार वालो के डिटेल बयान दर्ज करने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणो का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की दिशा तय की जायेगी। जुनेद / 20 फरवरी