- स्व. केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के चतुर्थ दिवस खेले गए तीन मुकाबले - एनटीपीसी, अधिवक्ता 11 और कमिश्नर 11 की टीम ने जीते मैच कोरबा (ईएमएस) प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित स्व. केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के चतुर्थ दिवस तीन मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला कोरबा प्रेस क्लब बनाम अधिवक्ता 11, दूसरा मैच एनटीपीसी बनाम एसईसीएल कुसमुंडा व अंतिम मुकाबला अदानी पावर विरुद्ध कमिश्नर 11 के बीच खेला गया। पहले मैच के मुख्य अतिथि स्टेट बार मेंबर रविंद्र पाराशर रहे। विशिष्ट के तौर पर बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष मनीष शर्मा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गणेश कुलदीप, वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल रहमान, वरिष्ठ पत्रकार विकास जोशी, किशोर शर्मा, जयप्रकाश टमकोरिया, विश्वनाथ केडिया की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पहले मुकाबले में कोरबा प्रेस क्लब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अधिवक्ता 11 की टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुकाबला अधिवक्ता 11 ने 8 विकेट से जीता। दूसरे मैच के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, भाजपा नेता अजय विश्वकर्मा, नवदीप नंदा, अजय चंद्रा, रामावतार पटेल, विजय राठौर, लक्ष्य चतुर्वेदी, प्रदीप सिंह, दीपक चावड़ा उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री मोदी ने स्वर्गीय केशव लाल मेहता को याद किया और उनके किए गए सराहनीय कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वर्गीय मेहता की स्मृति में कोरबा प्रेस क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम की कोरबा में नहीं बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में इसकी गूंज पहुंचती है। खास तौर पर राजधानी में इस प्रतियोगिता की चर्चा होती है। प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य श्रवण साहू के निधन पर उन्होंने शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. साहू उत्कृष्ट लेखनी की धनी थे। उनकी पत्रकारिता को उन्होंने नजदीक से देखा है। पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. सिंह ने भी प्रेस क्लब के आयोजन की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब का यह आयोजन काबिले तारीफ है और आयोजन करने के लिए क्लब के सदस्य बधाई के पात्र हैं। दूसरा मुकाबला एनटीपीसी बनाम एसईसीएल कुसमुंडा के बीच खेला गया। एनटीपीसी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 143 रन बनाएं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसईसीएल कुसमुंडा की टीम पांच विकेट खोकर 92 रन ही बना सकी। इस तरह एनटीपीसी की टीम ने 51 रन से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले के मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय व अपर आयुक्त विनय मिश्रा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त श्री पांडेय ने कहा कि किसी आयोजन को कराने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत होती है। कोरबा प्रेस क्लब अपने वरिष्ठ सदस्य की स्मृति में यह आयोजन विगत 22 वर्षों से कर रहा है। इतने लंबे समय तक आयोजन को सफलतापूर्वक कराना प्रेस क्लब कोरबा और उसके सदस्यों की दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत का ही नतीजा है। इसके लिए कोरबा प्रेस क्लब के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। आखिरी मुकाबला अदानी पावर और कमिश्नर 11 के बीच खेला गया। अदानी पावर ने निर्धारित ओवर में 9 विकेट होकर 58 रन बनाएं। कमिश्नर 11 की टीम ने दो विकेट के दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। कमिश्नर 11 ने मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, क्लब सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार, अधिवक्तागण, निगम के अधिकारी कर्मचारी सहित गणमान्यजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। मैच में अंपायरिंग आरडी महंत, बलवीर सिंह सोढी, मानस और रामदास महंत ने की। * शोक में बंद रखे गए साउंड सिस्टम गुरुवार को प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य श्रवण साहू का दुखद निधन होने से क्रिकेट प्रतियोगिता कार्यक्रम शोकाकुल माहौल में आयोजित हुआ। प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों के दौरान साउंड सिस्टम बंद रहे। उपस्थित अतिथियों ने स्वर्गीय साहू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री साहू के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। 20 फरवरी / मित्तल