- इलाज के दौरान दो वर्षीय बच्ची ने तोड़ा दम कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में हुए एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा हैं की आंगन में खेलते समय खौलती दाल उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, शंकर सारथी नामक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में निवास करते हैं। शंकर पेशे से बढ़ई हैं। हादसे के समय वह घर पर ही मौजूद थे, जबकि उनकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थीं। बताया जा रहा है कि कुछ देर के लिए पत्नी कमरे के भीतर चली गईं। इसी दौरान उनकी दो वर्षीय बेटी खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुंच गई। खेलते समय वह सिगड़ी पर रखे दाल के बर्तन से टकरा गई, जिससे खौलती दाल उसके शरीर पर गिर गई। मासूम के रोने की आवाज सुनकर माता-पिता तुरंत आंगन में पहुंचे और देखा कि बच्ची बुरी तरह झुलस चुकी है। परिजन तत्काल उसे निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस को सूचना मिलने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 20 फरवरी / मित्तल