- पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में प्रशासन का ठोस कदम राजगढ़(ईएमएस) पर्यटन गतिविधियों की समीक्षा बैठक कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, वनमंडलाधिकारी बैनी प्रसाद दौतानिया सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आगामी महीनों में नरसिंहगढ़ महोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके लिए विस्तृत एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए, ताकि आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित रूप दिया जा सके। साथ ही बैठक में चिड़ीखो अभयारण्य में कैंपिंग, बोटिंग एवं जिप्सी भ्रमण की व्यवस्थाओं को विकसित करने पर चर्चा की गई। पर्यटकों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक सुविधाएँ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। मोहनपुरा डैम के समीप कृषि धाम स्थापित करने तथा वहाँ मत्स्य पालन एवं पशुपालन गतिविधियाँ प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही मोहनपुरा डैम में जल क्रीड़ाओं को बढ़ावा देने के लिए जल संसाधन विभाग को पत्राचार कर आवश्यक अनुमति प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया।जिला संग्रहालय को बड़े महल में स्थानांतरित कर राजगढ़ के इतिहास, संस्कृति एवं विरासत को व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा सारंगपुर के पर्यटन स्थलों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिले की पर्यटन गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक आकर्षित हो सकें। -निखिल/राजगढ़/20/2/2026