क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना एवं जिला रोजगार कार्यालय, जबलपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार जिला स्तरीय वृहद कॅरियर अवसर मेले का आयोजन किया गया। मेले में 159 युवाओं का चयन प्लेसमेंट के प्रथम चरण में हुआ। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय में एक दिवसीय युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार जिला स्तरीय कॅरियर अवसर मेला गुरुवार को महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक विनीत रजक उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रुप में महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आशीष राव, एम.एस.मरकाम एवं डॉ. नेहा दवे उपस्थित रहे। मेला का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अतिथियों के द्वारा सरस्वती पूजन एवं दीपप्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विनीत रजक ने कहा कि युवा रोजगार प्राप्त कर या स्वरोजगार स्थापित कर दूसरों को रोजगार प्रदान कर आत्मनिर्भर बनें। मेला संयोजक प्रो. अरुण शुक्ल द्वारा कार्यक्रम की रुपरेखा एवं अतिथियों का परिचय दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने की। मेला संयोजक प्रो. अरुण शुक्ल ने बताया कि मेले में विभिन्न प्लेसमेंट कंपनियों में लगभग 810 युवाओं ने ऑफलाइन/ऑनलाइन माध्यम से प्लेसमेंट हेतु पंजीयन कराया। जिसमें से 159 युवाओं का चयन प्लेसमेंट के प्रथम चरण में हुआ है। मेले में विद्यार्थियों को हमारे औद्योगिक/व्यावसायिक जगत की मांग के अनुरूप तैयार करने एवं उन्हें इन क्षेत्रों में रोजगार/स्वरोजगार अवसरों की उपलब्धता से अवगत कराने हेतु तथा युवाओं में उद्यमिता का विकास करने के लिए जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार केन्द्र, श्रम विभाग, नेशनल करियर सर्विस सेंटर के स्टॉल लगाये गये। उद्यमिता के अंतर्गत महाविद्यालय के दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा बनाये गये उत्पादों की प्रदर्शनी मेला का आकर्षण केंद्र रही। इन उत्पादों का मेले में विक्रय किया गया। जो राशि दिव्यांग विद्यार्थियो को प्रदान की जायेगी। डॉ. रविश ताजिर तमन्ना द्वारा मंच संचालन किया गया। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन एम.एस.मरकाम द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. राजीव मिश्रा, डॉ. राजेश शामकुवंर, डॉ. ज्योति जुनगरे, डॉ. तृप्ति उकास, डॉ. मनीषा कोल, डॉ. जया वाजपेयी, डॉ. ज्योति जैन, डॉ. संघप्रिया तिवारी, डॉ. मीनाक्षी मेरावी, सुश्री उमा भारती, पारस माखीजा, सोनम करसोलिया, कृतिका वर्मा, नवनीत महेश्वरी, श्रीमती सीमा सिंह जग्गी, सीमा सिंह उपस्थित रहे। सुनील साहू / शहबाज/ 20 फरवरी 2026