- लिफ्ट लेकर बैठा युवक मामूली घायल भोपाल(ईएमएस)। बैरसिया थाना इलाके के तरावली जोड़ के पास एचपी पेट्रोल पंप के सामने बीती तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी चला रहे युवक की जान चली गई वहीं लिफ्ट लेकर पीछे बैठा युवक मामूली घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक डंपर सहित फरार हो गया। अस्पताल से मिली की सूचना पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस के मुताबिक चंचल चौराहा के पीछे बैरागढ़ पर रहने वाले आशीष जोशी पिता राजेश जोशी (24) संत आसाराम आश्रम के अस्पताल में योगा थैरेपिस्ट थे। उनकी शादी ग्राम सुठालिया में हुई है। बीती सुबह आशीष अपनी बाइक से सुठालिया जाने के लिए निकले थे। रास्ते में उन्होंने एक युवक को लिफ्ट दी। जैसै ही दोनो पेट्रोल पंप के सामने पहुचें पीछे से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही दोनों चलती बाइक सहित सड़क पर जा गिरे और डंपर का पहिया आशीष को रौंदता हुआ निकल गया। वहीं लिफ्ट लेने वाला युवक सड़क के दूसरी ओर गिरने के कारण मामूली रुप से घायल हुआ। हादसे के बाद लिफ्ट लेने वाला युवक भी घटनास्थल से गायब हो गया। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस के अनुसार डंपर की चपेट में आने के कारण शव काफी बुरी हालत में था। उस समय उसक पहचान नहीं होने पर पुलिस ने अज्ञात की मौत का मर्ग कायम किया था। बाद में अस्पताल में तलाशी के दौरान मृतक के कपड़ो से उसका मोबाइल फोन मिला और गले में लटका अस्पताल का आईकार्ड भी खून से लथपथ हालत में मिला। मोबाइल से मिले नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया गया। अस्पताल से मिली सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त आशीष जोशी के रूप में करते हुए बताया की हादसे के समय वह अपने ससुराल सुठालिया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरु कर दी है। जुनेद / 20 फरवरी