- अवैध वाहन काटकर क्रैप में बेच रहे थे जबलपुर, (ईएमएस)। अधारताल थाना क्षेत्र के खजरी खिरिया में अवैध रूप से ट्रक और कार काटकर स्क्रैप बेचने के कारोबार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच और अधारताल पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर करीब 50 लाख रुपये कीमत के वाहन, कटे हुए पार्ट्स और गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। टीम ने खजरी खिरिया स्थित गैरेज को चारों ओर से घेर लिया। क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा ने बताया जांच में पाया गया कि छोटी ओमती निवासी आतिफ अली पिता मुजफ्फर अली यहां अवैध रूप से वाहनों की कटिंग कर उन्हें स्क्रैप में तब्दील कर रहा था। मौके पर ट्रक क्रमांक एमपी 46 एच 0163 आधा कटा हुआ मिला, जिसका सामान अन्य ट्रकों में लोड किया जा रहा था। बिना अनुमति चल रहा था खेल.... गैरेज की तलाशी में ट्रक क्रमांक डीएल 1 पी 1469 और एमपी 20 जी 9040 भी मिले, जिनमें भारी मात्रा में कटा हुआ स्क्रैप भरा हुआ था। इसके अलावा इंडिका विस्टा, सेंट्रो और अन्य कारें भी खड़ी पाई गईं। जब गैरेज संचालक से वाहनों के दस्तावेज और कटिंग का लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने मौके से दो एचपी कंपनी के सिलेंडर, दो ऑक्सीजन सिलेंडर तथा एक बिना नंबर का इंजन भी जप्त किया है। टैक्स चोरी और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि.... प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिना रजिस्ट्रेशन निरस्त कराए वाहनों को काट रहा था और टैक्स चोरी कर अवैध लाभ कमा रहा था। शासन के नियमों का उल्लंघन कर यह कारोबार संचालित किया जा रहा था। अधारताल पुलिस ने आरोपी आतिफ अली के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 01/26, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 तथा बीएनएस की धारा 318(1), 61(2) और मध्य प्रदेश मोटर वाहन कराधन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सुनील साहू / शहबाज/ 20 फरवरी 2026