ग्वालियर ( ईएमएस ) महाराजपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक रिटायर्ड फौजी ने शराब के नशे में अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगते ही सिर और चेहरे का ऊपर का हिस्सा उड़ गया। मांस के चीथड़े दीवार और छत पर चिपके मिले। एक आंख 3 फीट दूर मिली है। जानकारी के अनुसार मृतक का नाम श्याम बिहारी भदौरिया (50) है, जो शताब्दीपुरम के रहने वाले थे। वे मूल रूप से भिंड जिले के तुकेड़ा, मालनपुर के निवासी थे। घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात खाना खाने के बाद वे अपने कमरे में सोने चले गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात करीब 1.30 से 2 बजे श्याम बिहारी के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। इस दौरान आवाज सुनकर पत्नी और बच्चे कमरे में पहुंचे। दरवाजा खोलते ही उन्होंने देखा कि श्याम बिहारी बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े थे। उनके पास में.315 बोर की राइफल पड़ी थी। परिजन ने फौरन महाराजपुरा पुलिस को सूचना दी। महाराजपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना के बाद जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने बिस्तर और दीवार, छत से सबूत जुटाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है |