- प्रॉपर्टी में इंवेस्ट करने के नाम पर 7 लाख की रकम हड़पी, शादी से भी किया इंकार भोपाल(ईएमएस)। शहर की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर उसके ऑफिस में काम करने वाले सहकर्मी युवक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मामला कायम किया है। आरोप यह भी है कि सहकर्मी ने जहॉ शादी का झांसा देकर महीनों तक उसका शारीरिक शोषण किया वहीं प्रॉपर्टी के निवेश में मोटा मुनाफा होने का झांसा देकर उसने युवती के सात लाख रुपए भी हड़प लिए। पुलिस के मुताबिक राजधानी निवासी 26 साल की युवती ने अपनी शिकायत में बताया की वह अयोध्या नगर स्थित प्राइवेट कंसलटेंसी के ऑफिस में काम करती थी। आरोपी राहुल सिंह भी वहीं नौकरी करता था। जल्द ही दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। आरोपी ने पहली बार नवंबर 2025 में अयोध्या नगर इलाके में उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर राहुल ने उसे जल्द ही शादी करने का वादा किया। इस बीच आरोपी ने प्रॉपर्टी में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने का झांसा देकर सात लाख रुपए भी हड़प लिए। करीब एक सप्ताह पूर्व तक राहुल सिंह पीड़िता का दैहिक शोषण करता रहा, जब युवती ने उस पर जल्द ही शादी करने का दबाव डाला तब उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इतना ही नहीं राहुल ने युवती के सात लाख रुपए लौटाने से भी मना कर दिया। युवती ने उससे सपंर्क कर बात करने के लिये कई बार कॉल किये लेकिन वह कॉल भी रिसीव नहीं कर रहा था। आखिरकार परेशान होकर पीडिता थाने पहुंची और प्रकरण दर्ज करा दिया। पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है। जुनेद / 20 फरवरी