क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


- एमपी बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन 22 फरवरी से - प्रथम चरण में 36 हजार से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं की होगी जांच - सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा मूल्यांकन - केंद्रों पर डिजिटल हाजिरी और नो मोबाइल जोन सागर (ईएमएस)। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी एवं कलेक्टर द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी की निगरानी में 22 फरवरी से उत्कृष्ट विद्यालय समन्वय संस्था में होगा। जिसके लिए कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी को नोडल अधिकारी बनाया है। साथ ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन एवं समन्वय संस्था के प्राचार्य सुधीर तिवारी को आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। कलेक्टर संदीप जी आर ने माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के निर्देशों के अनुसार मूल्यांकन की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई हैं।जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के निर्देशों के अनुसार सागर जिले में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 22 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा। जिसमें कलेक्टर श्री संदीप जी आर एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाएगा। समन्वय संस्था के प्राचार्य सुधीर तिवारी ने बताया कि प्रथम चरण में मंडल से प्राप्त लगभग 36,000 से अधिक कक्षा 10वीं एवं 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। - मूल्यांकन की नई समय-सीमा और मानदेय तय समन्वय संस्था के प्राचार्य सुधीर तिवारी ने बताया कि इस मूल्यांकन कार्य को गति देने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कॉपियां जांचने की संख्या और शिक्षकों के मानदेय में भी बदलाव किए हैं। पूर्व में जहां एक मूल्यांकनकर्ता को प्रतिदिन कम से कम 30 कॉपियां जांचने के निर्देश थे, वहीं अब परीक्षा परिणाम समय पर घोषित करने के उद्देश्य से इस संख्या को बढ़ा दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब प्रत्येक शिक्षक को प्रतिदिन न्यूनतम 45 और अधिकतम 60 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करनी होगी। इससे मूल्यांकन की प्रक्रिया तेज होगी और छात्र समय पर अपने अगले सत्र की तैयारी शुरू कर सकेंगे।वर्तमान में कक्षा 10वीं की एक उत्तर पुस्तिका जांचने के लिए 15 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जो पहले 12 रुपये हुआ करते थे। इसी तरह कक्षा 12वीं के लिए अब 16 रुपये प्रति कॉपी का भुगतान किया जाएगा, जबकि पिछले वर्षों में यह दर 13 रुपये थी। इसके अतिरिक्त मूल्यांकन कार्य के लिए आने वाले शिक्षकों के यात्रा और दैनिक भत्ते को भी स्पष्ट किया गया है। बाहर से आने वाले शिक्षकों को 180 रुपये और स्थानीय शिक्षकों को 120 रुपये का दैनिक भत्ता दिया जाएगा। - मूल्यांकन केंद्र पर रहेगी डिजिटल निगरानी सुधीर तिवारी ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत मूल्यांकन में लगे शिक्षकों की मॉनिटरिंग के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया है। अब मूल्यांकनकर्ताओं को केंद्र पर आते ही माध्यमिक शिक्षा मंडल के विशेष ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। केवल उपस्थिति ही नहीं, बल्कि ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय भी शिक्षकों को ऐप पर यह जानकारी देनी होगी कि उन्होंने उस दिन कुल कितनी कॉपियों की जांच की है। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मूल्यांकन कार्य की सटीक जानकारी और गति पर नजर रखना है। - नो मोबाइल जोन रहेंगे मूल्यांकन केंद्र प्राचार्य श्री सुधीर तिवारी ने बताया कि मूल्यांकन की गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए केंद्रों को मोबाइल मुक्त रखा जाएगा। शिक्षकों को केंद्र में मोबाइल फोन निर्धारित स्थान पर जमा करना होगा। मूल्यांकन का कार्य पूरा होने के बाद ही उन्हें मोबाइल वापस मिलेगा, ताकि जांच के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान या सूचनाओं का आदान-प्रदान न हो सके। - 21 फरवरी को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन ने बताया कि मंडल के निर्देशों के अनुसार सागर जिले में मूल्यांकन कार्य सुचारू रूप से चलाने के लिए 21 फरवरी को प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें कॉपियां जांचने की बारीकियों के बारे में बताया जाएगा। जो शिक्षक इस दिन अनुपस्थित रहेंगे, उनके लिए 8 मार्च को दोबारा प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि प्रशिक्षण में शामिल न होने वाले शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य से बाहर रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि जो शिक्षक प्रशिक्षण में भाग नहीं लेंगे, वे मूल्यांकन नहीं कर पाएंगे। प्राचार्य श्री सुधीर तिवारी ने बताया कि पहले चरण में कक्षा 12वीं की अंग्रेजी, भौतिकी, अर्थशास्त्र, एलीमेंट्री ऑफ साइंस एवं एनिमल हसबेंडरी की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाएगी एवं कक्षा 10वीं की उर्दू विषय की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होगी। श्री सुधीर तिवारी ने बताया कि मंडल के निर्देशों के अनुसार कुल चार चरणों में संकलन का कार्य किया जाना है, जिसमें दो चरणों का संकलन कार्य किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि संस्था में सभी मूल्यांकन कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग समन्वय संस्था के कंट्रोल रूम एवं भोपाल मंडल कार्यालय से की जाएगी। निखिल सोधिया/ईएमएस/20/01/2026