खेल
21-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत की महिला विश्व कप विजेता टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में मैदान पर उतरते ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सबसे अधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बना दिया। हरमनप्रीत ने भारत के लिए अपना 356वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर यह मुकाम हासिल किया और इस तरह उन्होंने न्यूजीलैंड की महान क्रिकेटर सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया, जो पहले इस सूची में शीर्ष पर थीं। हरमनप्रीत ने 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और तब से अब तक वह छह टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी-20 मुकाबले खेल चुकी हैं। महिला क्रिकेट में उनका योगदान अभूतपूर्व माना जाता है। आईसीसी के अनुसार, वह भारत में महिला क्रिकेट क्रांति का एक बड़ा चेहरा रही हैं, और पिछले वर्ष उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने पहली बार विश्व चैंपियनशिप खिताब अपने नाम किया था। मैदान पर उनके नेतृत्व और स्थिरता ने टीम इंडिया को महिला क्रिकेट की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। दूसरे टी-20 के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच अमोल मजुमदार ने हरमन की तारीफ करते हुए कहा, “हरमन भारत के लिए हमेशा एक खास खिलाड़ी रही हैं। खेल के इतिहास में सबसे अधिक मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी बनना बेहद बड़ी उपलब्धि है और हम सभी उन्हें इसके लिए दिल से बधाई देते हैं।” बल्ले से भी हरमनप्रीत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 140 वनडे पारियों में 37.05 की औसत से 4,409 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 200 रन हैं, जबकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 3,820 रन बनाए हैं। कुल मिलाकर वह भारत के लिए आठ शतक और 38 अर्धशतक लगा चुकी हैं। मुश्किल परिस्थितियों में मैच फिनिश करने और टीम को संभालने की उनकी क्षमता ने उन्हें आधुनिक दौर की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल किया है। अपनी इस उपलब्धि पर हरमनप्रीत कौर ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। मैं हमेशा टीम के लिए कड़ी मेहनत करना चाहती हूं और उम्मीद है कि आगे भी देश के लिए जितना संभव हो सके उतना खेलती रहूं।” उनके इस बयान में न सिर्फ उपलब्धि का संतोष झलकता है, बल्कि आने वाले वर्षों में भारतीय महिला क्रिकेट को नई दिशा देने की उनकी प्रतिबद्धता भी साफ दिखाई देती है। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026