नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट में पिछले कुछ समय से खिलाड़ियों के वैवाहिक जीवन को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में अब युवा लेग स्पिनर राहुल चाहर ने अपनी पत्नी ईशानी जौहर से अलगाव की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। उन्होंने शुक्रवार, 20 फरवरी को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद उनका यह रिश्ता अब समाप्त हो चुका है। राहुल चाहर और ईशानी की शादी 9 मार्च 2022 को गोवा में हुई थी, और दोनों करीब साढ़े तीन साल तक साथ रहे। 26 वर्षीय क्रिकेटर ने अपने दिल की बात लिखते हुए कहा कि उन्होंने कम उम्र में इस रिश्ते में कदम रखा और उस समय वह अपने जीवन, अपनी प्राथमिकताओं और अपनी इच्छाओं को पूरी तरह समझ नहीं पाए थे। उन्होंने लिखा कि पिछले पंद्रह महीने उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहे, क्योंकि इस अवधि में उन्होंने कोर्टरूम के लगातार चक्कर लगाए और धैर्य, सहनशीलता और सच्चाई का सामना करना सीखा। राहुल ने स्वीकार किया कि इस प्रक्रिया ने उन्हें मानसिक रूप से झकझोरा जरूर, लेकिन बहुत कुछ सिखाया भी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने यह भी लिखा कि आज उनका यह अध्याय औपचारिक रूप से समाप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मामला सुलझ चुका है और इसका मूल्य उन्होंने काफी चुकाया है। इसके बावजूद वह इस दौर को गुस्से या पछतावे के बजाय स्पष्टता और समझ के साथ पीछे छोड़ना चाहते हैं। राहुल ने कहा कि कुछ रिश्ते हमेशा के लिए नहीं होते, बल्कि वे हमें जगाने, सिखाने और बदलने के लिए होते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अंत नहीं बल्कि एक नई शुरुआत है। आगे बढ़ते हुए वह आत्मसम्मान, शांति और बेहतर फैसलों पर आधारित जीवन जीना चाहते हैं। राजस्थान में जन्मे यह खिलाड़ी अब पूरी तरह आगामी आईपीएल 2026 की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। अगले सीजन में वह चेन्नई सुपर किंग की जर्सी में दिखाई देंगे। मिनी-ऑक्शन के दौरान शुरुआत में अनसोल्ड रहने के बाद उन्हें एक्सेलेरेटेड राउंड में 5.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। इससे पहले वह सनराईस हैदराबाद के लिए खेलते थे, जिसने उन्हें रिलीज कर दिया था। राहुल चाहर अब नए सीजन में नई टीम के साथ अपने करियर को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश करेंगे और मैदान पर अपने प्रदर्शन से नई शुरुआत को मजबूती देंगे। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026