खेल
21-Feb-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारतीय टीम रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में उतरेगी। ग्रुप स्टेज में शीर्ष स्थान हासिल कर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई करने वाली टीम के लिए सलामी बल्लेबाजी अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। विश्व कप से पहले अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में थे और टी20 रैंकिंग में नंबर एक बल्लेबाज हैं, लेकिन अब तक खेले गए तीन मैचों में वह बिना खाता खोले आउट हो गए हैं। उनकी लगातार असफलता ने टीम की ओपनिंग समस्या को और बढ़ा दिया है, जिससे टीम प्रबंधन इस स्थिति का समाधान ढूंढने पर मजबूर है। टीम की रणनीति में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में संजू सैमसन को ईशान किशन के साथ ओपनिंग जोड़ी में उतारने पर विचार कर रही है। कृत्रिम रोशनी में अभ्यास सत्र में सैमसन को तेज गेंदबाजी और स्पिन दोनों के खिलाफ लंबी बल्लेबाजी करते देखा गया। उन्होंने प्रभावशाली टच के साथ स्ट्रोक खेले और अपनी फॉर्म का संकेत दिया। हेड कोच गौतम गंभीर ने अभिषेक शर्मा के साथ लंबी बातचीत की और फिर सैमसन को गेंदबाजी करते हुए देखा। इस सत्र के आधार पर माना जा रहा है कि सैमसन रविवार को प्लेइंग इलेवन में शामिल हो सकते हैं। भारतीय टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की अधिकता भी विपक्ष के लिए रणनीतिक फायदा दे रही है, जिससे सैमसन को मौका मिलने की संभावना और बढ़ गई है। संजू सैमसन का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रिकॉर्ड भी खासा मजबूत है। नामीबिया के खिलाफ केवल एक मैच खेलने वाले सैमसन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 टी20 मैचों में 2 शतक लगाए और 190 से ऊपर की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 253 रन बनाए हैं। उनके अनुभव और फॉर्म को देखते हुए टीम प्रबंधन उन्हें ओपनिंग में उतारने पर विचार कर रहा है। सुपर-8 में शुरुआती सफलता भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस बदलाव से टीम की सलामी जोड़ी को मजबूती मिलने की उम्मीद है और टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए बेहतर शुरुआत मिल सकती है। भारतीय क्रिकेट फैंस अब इस मैच में ओपनिंग जोड़ी में संभावित बदलाव और टीम की रणनीति पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि यह मैच सुपर-8 की राह तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026