कोच माइक हेसन ने खोला विवादों पर पूरा सच नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से मिली हार का असर पाकिस्तान टीम के लिहाज से काफी बड़ा साबित हो रहा है। टीम के अंदरूनी माहौल को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। एक ओर कप्तान सलमान अली आगा और हेड कोच माइक हेसन के बीच विवाद के दावे हो रहे हैं, तो दूसरी ओर नामीबिया जैसी कमजोर टीम के खिलाफ बाबर आजम को बैटिंग ऑर्डर में नीचे भेजने और शाहिन अफरीदी को बाहर करने को लेकर भी आलोचना बढ़ गई है। इन तमाम चर्चाओं के बीच कोच हेसन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सब पर सफाई दी। हेसन ने स्वीकार किया कि बाबर का स्ट्राइक रेट पावरप्ले में 100 से कम रहा है, इसलिए टीम ने उन्हें वह भूमिका दी है जिसमें वे बीच के ओवरों में बेहतर योगदान दे सकें। उनके अनुसार, बाबर खुद जानते हैं कि जब परिस्थितियाँ कठिन हों, तब उनकी उपस्थिति टीम को स्थिरता देती है। उन्होंने साफ कहा कि यूएसए मैच में बाबर सेट होने के बाद स्ट्राइक रेट बढ़ा भी चुके हैं और टीम उनकी यही क्वालिटी इस्तेमाल करना चाहती है। कोच ने इस बात पर जोर दिया कि नामीबिया मैच में बाबर को नं. 3 पर नहीं भेजना कोई बड़ा बदलाव नहीं था, बल्कि परिस्थितियों के हिसाब से लिया गया फैसला था। उस समय पिच लेफ्ट-आर्म स्पिनर्स को मदद दे रही थी और दो दाएं हाथ के बल्लेबाज भेजना समझदारी नहीं था। हेसन ने कहा कि टीम में कई खिलाड़ी हैं जो डेथ ओवर्स की भूमिका बाबर से बेहतर निभा सकते हैं, और स्वयं बाबर ने इसे स्वीकार किया है। शाहीन अफरीदी को बाहर करने पर उठे सवाल पर हेसन ने बताया कि यह निर्णय पहले ही ले लिया गया था और सलमान मिर्जा इस मौके के हकदार थे। उन्होंने यह भी माना कि सलमान को शायद भारत और उससे पहले वाले मैच में भी खेलना चाहिए था। इंडिया मैच में शाहीन ने दो ओवर में 31 रन खर्च किए थे, जिसके बाद उन्हें बाहर किया गया। इस दौरान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर भी हेसन ने स्पष्टीकरण दिया। वीडियो में सलमान अली आगा और हेसन के बीच तनाव दिखाया गया था, लेकिन कोच ने इसे गलतफहमी बताया। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ यह निर्देश देने जा रहे थे कि लेफ्ट-हैंडर नवाज को आगे भेजा जाए। उसी समय आउट होकर लौट रहे आगा ने गुस्से में बोतल फेंकी, जिसे लोग उनके साथ विवाद समझ बैठे। भारत से मिली हार ने पाकिस्तान टीम की रणनीति, संयोजन और कप्तानी पर कई सवाल खड़े किए हैं, लेकिन कोच हेसन ने स्पष्ट किया कि उनकी टीम के अंदर कोई फूट नहीं है और सभी खिलाड़ी अपनी भूमिकाएँ समझते हैं। फिलहाल टीम का पूरा ध्यान न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले सुपर-8 मैच पर है। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026