नई दिल्ली (ईएमएस)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान के बीच एक हाई-वोल्टेज मुकाबला हो चुका है, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों की इच्छा इससे भी आगे की है। फैंस अब दोनों टीमों को एक बार फिर आमने-सामने देखने का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच पूर्व पाकिस्तानी बल्लेबाज बासित अली के बयान ने टूर्नामेंट को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। बासित अली का मानना है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा और सलमान अली आगा की अगुवाई वाली पाक टीम 8 मार्च को भारतीय टीम से खिताबी मुकाबले में भिड़ेगी। यह भविष्यवाणी उन्होंने एक पाकिस्तानी टीवी शो के दौरान की, जहां शो के होस्ट शोयब मलिक ने उनसे टी20 वर्ल्ड कप के चार सेमीफाइनलिस्ट चुनने को कहा। बासित ने बिना झिझक भारत और पाकिस्तान को फाइनलिस्ट बताते हुए कहा कि वे दोनों टीमों को अंतिम मुकाबले में खेलते हुए देख रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में पहुंचने वाली बाकी दो टीमें माना। वहीं शो में मौजूद पूर्व विकेटकीपर कमरान अकमल ने थोड़ा अलग अनुमान लगाते हुए भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका को शीर्ष चार में शामिल किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के साथ एक्स ग्रुप में है। दूसरी ओर पाकिस्तान इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के साथ वाई ग्रुप में शामिल है। दोनों समूहों में प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी होने वाली है और हर मैच टीमों के अभियान को गहराई से प्रभावित कर सकता है। पाकिस्तान अपने सुपर-8 अभियान की शुरुआत 21 फरवरी को न्यूजीलैंड के खिलाफ कोलंबो में कर रहा हैं। इसके बाद 24 फरवरी को इंग्लैंड से पल्लेकेले में और 28 फरवरी को श्रीलंका से मुकाबला खेला जाएगा। तीनों मैच टीम के सेमीफाइनल के सफर को निर्णायक रूप से प्रभावित करेंगे। उसी तरह भारत अपने सुपर-8 की शुरुआत 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में करेगा। इसके बाद टीम इंडिया 26 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदाम्बरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे से भिड़ेगी और 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन में वेस्टइंडीज का सामना करेगी। बासित अली के इस बड़े दावे के बाद चर्चा तेज है कि क्या क्रिकेट इतिहास में एक बार फिर भारत-पाकिस्तान फाइनल देखने को मिलेगा या सुपर-8 चरण में टीमों का प्रदर्शन कोई नई कहानी लिखेगा। फैंस की उम्मीदें आसमान पर हैं और क्रिकेट जगत की नजरें हर मैच पर टिकी रहेंगी, जो आने वाले रोमांच की दिशा तय करेगा। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026