- जिला निर्वाचन अधिकारी ने अंतिम निर्वाचक नामावली का किया प्रकाशन राजगढ़(ईएमएस) l भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत जिले में निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन के संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने की। बैठक में आयोग द्वारा जारी विभिन्न पत्रों के निर्देशों के क्रम में 21 फरवरी, 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की जानकारी दी गई। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव/प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि आमजन अंतिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली का अवलोकन अपने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय अथवा अधिकृत स्थानों पर कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त फोटो सहित अंतिम मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट http://www.ceoelection.mp.gov.in� पर भी उपलब्ध है। जिले के अंतर्गत आने वाले तीनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रारूप प्रकाशन दिनांक 23 दिसंबर 2025 से 20 फरवरी 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निराकरण के उपरांत कुल 16,839 मतदाताओं के पंजीयन, 2,554 नामों के विलोपन तथा 7,504 प्रविष्टियों में संशोधन किए गए हैं। इस प्रकार आज की स्थिति में कुल 1,12,803 मतदाता सूची में सम्मिलित हैं। अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार जिले में कुल 14,140 दिव्यांग मतदाता दर्ज हैं। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम निर्वाचक नामावली की एक-एक प्रति हार्ड कॉपी तथा एक प्रति सीडी (फोटो सहित) में उपलब्ध कराई गई। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में सम्मिलित होने से वंचित रह गया हो तो वे निर्धारित प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करें। नाम विलोपन हेतु प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टि में संशोधन हेतु प्रपत्र-8 का उपयोग किया जाए। विशेष रूप से ऐसे नागरिक जो 01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उन्हें सूची में सम्मिलित कराने के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मिश्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 की सफल क्रियान्विति में सहयोग प्रदान करने हेतु सभी राजनीतिक दलों का आभार व्यक्त करते हुए निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। -निखिल/राजगढ़ /21/2/2026