- 16 हजार से अधिक नए युवा जुड़े 62, 845 नाम कटे, कलेक्टर ने राजनीतिक दलों को सौंपी मतदाता सूची गुना (ईएमएस)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर गुना जिले की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किशोर कुमार कन्याल ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी। अंतिम आंकड़ों के अनुसार, जिले में अब कुल 9 लाख 9 हजार 16 मतदाता दर्ज हैं। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान जहां 16,934 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, वहीं विभिन्न तकनीकी कारणों और सत्यापन के बाद 62 हजार से अधिक नाम विलोपित भी किए गए हैं। जिले के सभी 1224 मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा इस सूची का सार्वजनिक वाचन किया गया। इस दौरान सर्वाधिक नाम गुना विधानसभा से कटे, जबकि सर्वाधिक नाम राघौगढ़ में जुड़े। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किशोर कुमार कन्याल ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर मतदाता सूची की सॉफ्ट व हार्ड कॉपी सौंपी तथा मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग का आह्वान किया। जिले के सभी 1224 मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन किया गया। अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 9 लाख 9 हजार 16 हो गई है, जो प्रारूप प्रकाशन के समय 8 लाख 97 हजार 396 थी। फार्म 6 के माध्यम से 16 हजार 934 नए मतदाता जुड़े हैं। जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 13 हजार 92 युवा मतदाता तथा 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 4 हजार 242 मतदाता दर्ज हैं। मतदाता सूची संबंधित मतदान केंद्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय तथा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, भारत निर्वाचन आयोग एवं जिला गुना की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। इस बारे में कलेक्टर किशोर कन्याल ने बताया कि आज सुबह 10 बजे वोटर लिस्ट का फायनल प्रकाशन हुआ है। आज राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक भी थी। बैठक में हमने एसआईआर के तहत जो कार्रवाई की है उसका विवरण बताया और टोटल जो फायनल फिगर है 9 लाख 9 हजार 16 हो हमारे पंजीकृत हुए हैं। वहीं इस पूरी प्रक्रिया के दौरान करीब 62, 845 हजार वोटरों के नाम कटे हैं, जो अलग-अलग कारणों से नाम काटे गए हैं। वहीं 15996 नए नाम जोड़ें गए। हमने सभी राजनीतिक पार्टियों को इसकी सूची दे दी है। इस कार्य में संलग्र सभी चुनाव अधिकारी, खासकर बीएलओ का हम आभार व्यक्त करते हैं। सभी को बधाई। आंकड़ों पर एक नजर जिले में गुना, बमोरी, राघौगढ़ एवं चांचौड़ा कुल विधानसभाएं हैं। जिसमें बमोरी विधानसभा में पहले कुल मतदाता मतदाता 230689 थे। जिसमें एसआईआर के बाद 9156 मतदाताओं के नाम काटे गए। वहीं 3019 नए नाम जोड़े गए। इस दौरान यहां 2,24,552 मतदाता की संख्या है। वहीं गुना में कुल 2,41,862 में से 27821 मतदाताओं के नाम एसआईआर के बाद कटे। वहीं 4046 मतदाताओं के नाम जुडक़र यहां कुल वोटर्स की संख्या 2,18,087 हो गई है। जबकि चांचौड़ा में पहले 2,41,719 मतदाताओं में से एसआईआर में 11800 नाम काटे गए और 3917 नए नाम जोड़े गए। इस दौरान नवीन मतदाताओं की संख्या 2,33,836 है। जबकि राघौगढ़ में 2,41,595 मतदाताओं में से 14068 नाम कटे एवं 5041 नाम जुड़े। इस तरह यहां एसआईआर के बाद कुल मतदाता 2,32,541 है। - सीताराम नाटानी