राज्य
21-Feb-2026


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद राज्य की अंतिम निर्वाचक नामावली जारी कर दी गई है। इस व्यापक अभियान के दौरान बड़ी संख्या में फर्जी, मृत अथवा दोहराव वाले मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआईआर अभियान के तहत लगभग 24 लाख 99 हजार से अधिक नाम मतदाता सूची से विलोपित किए गए। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए प्रदेशवासियों का आभार भी जताया। एसआईआर प्रक्रिया प्रारंभ होने से पहले राज्य में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी। प्रारूप (ड्राफ्ट) सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गई। दावे-आपत्तियों की सुनवाई के बाद अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 हो गई। अंतिम चरण की सुनवाई के बाद 2 लाख 34 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। निर्वाचन विभाग का कहना है कि इस विशेष अभियान से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनी है। विभाग के अनुसार, सूची के शुद्धिकरण से आगामी चुनावों में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो और फर्जी प्रविष्टियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 फरवरी 2026