जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर सिहोरा के आजाद चौक में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद अब वहां तनाव पूर्ण शांति बनी हुई है। इस उपद्रव में पुलिस ने दोनों पक्षें के 60 लोगों को अब तक हिरासत में लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य की तलाश की जा रही है। वहीं माहौल को पूरी तरह शांत करने जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह शनिवार को भी सक्रिय रहा। इससे पहले शुक्रवार की रात पुलिस ने कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी सम्पत उपाध्याय के नेतृत्व में दूसरी बार फलैग मार्च निकाला। इस मार्च में अति. पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, एएसपी जोन 3 सूर्यकांत शर्मा, यातायात एएसपी अंजना तिवरी के अलावा एसडीओपी सिहोरा, पाटन सहित जिले भर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। मार्च सिहोरा के संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरा, इस दौरान अधिकारियों ने सभी से शांति एवं एकता बनाए रखने की अपील की। वहीं देर रात पुलिस ने कईयों को गिरफतार भी किया है। गिरफतारी का आंकडा अब 60 पर पहुंच गया है। अधिकारियों का दावा है कि सिहोरा में स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे दो पक्षों के बीच विवाद की घटना के बाद स्थिति बमुश्किल काबू में आई थी। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय दो बार मौके पर पहुँचे थे। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कहा है कि किसी भी धार्मिक स्थल को किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। और अब स्थिति पर पूरी तरह नियंत्र ा में है एवंपर्याप्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। .../ 21 फरवरी /2026