राज्य
21-Feb-2026


* ब्यूटी पार्लर के ऑर्डर पर जा रहीं थीं व्यवसायी महिलाएं, मौके पर एक की मौत, दूसरी ने अस्पताल में तोड़ा दम सूरत (ईएमएस)| जिले के किम-ओलपाड स्टेट हाईवे 65 पर मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारडोली से हांसोट के शेरा गांव पार्लर के ऑर्डर के सिलसिले में जा रही दो महिलाओं की स्विफ्ट कार अचानक जंगली सूअर के सामने आ जाने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में कार चला रही महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरत जिले के बारडोली में ‘विहान झंखना ब्यूटी पार्लर’ संचालित करने वाली झंखनाबेन मैसूरिया और उनकी सहायक वर्षाबेन मिस्त्री काम के सिलसिले में हांसोट तालुका के शेरा गांव जा रही थीं। किम-ओलपाड हाईवे पर अणिता और बोलाव गांव के बीच आर्यम स्कूल के गेट के पास अचानक एक जंगली सूअर कार के सामने आ गया। पशु को बचाने की कोशिश में चालक ने स्टेयरिंग से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार कार सड़क किनारे गहरी कास में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलने पर 112 पुलिस वैन और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कार को बाहर निकालकर जांच की गई तो झंखनाबेन को गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल वर्षाबेन को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही किम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही व्यवसाय से जुड़ी दो परिचित महिलाओं की असामयिक मौत से बारडोली और हांसोट क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सतीश/21 फरवरी