* दिसंबर 2025 से 19 फरवरी 2026 तक 449 मामलों में केस दर्ज, 48,700 रुपये का जुर्माना वसूला अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में दिसंबर 2025 से 19 फरवरी 2026 के बीच कुल 484 अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) की घटनाएँ दर्ज की गईं। इनमें से 449 मामलों में विधिवत केस दर्ज किए गए, जबकि शेष मामलों में प्रारंभिक जांच के उपरांत वैधानिक कारणों से केस दर्ज नहीं किया गया। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा 408 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा रु. 48,700 का जुर्माना लगाया गया। अहमदाबाद मंडल का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा तथा स्टेशनों पर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। वर्ष 2026 के दौरान अलार्म चेन पुलिंग की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखते हुए आरपीएफ ने सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं प्रभावी समन्वय के माध्यम से उल्लेखनीय नियंत्रण स्थापित किया है, जिससे ट्रेनों की समयपालनता एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित हो सके। स्टेशन स्तर पर अहमदाबाद, साबरमती, मणिनगर, महेसाणा, विरामगाम एवं गांधीधाम में अलार्म चेन पुलिंग की घटनाएँ अपेक्षाकृत अधिक दर्ज की गईं। वहीं सेक्शन स्तर पर गेरतपुर–अहमदाबाद, अहमदाबाद–विरामगाम, उंझा–पालनपुर, सामाख्याली–भुज तथा अहमदाबाद–साबरमती खंडों में अधिक घटनाएँ सामने आईं, जहाँ आरपीएफ द्वारा अतिरिक्त निगरानी एवं विशेष अभियान चलाए गए। अलार्म चेन पुलिंग के प्रमुख कारणों में गलत ट्रेन या कोच में चढ़ जाना, सामान छूट जाना अथवा सहयात्री के छूट जाने जैसी परिस्थितियाँ प्रमुख रूप से पाई गईं। इन कारणों को दृष्टिगत रखते हुए आरपीएफ द्वारा यात्रियों को जागरूक करने हेतु नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं तथा रेलवे कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त आश्रम एक्सप्रेस, कच्छ एक्सप्रेस, अला हज़रत एक्सप्रेस, अरावली एक्सप्रेस एवं लोकशक्ति एक्सप्रेस जैसी कुछ ट्रेनों में अलार्म चेन पुलिंग की घटनाएँ अपेक्षाकृत अधिक पाई गईं, जिन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रेल प्रशासन एवं आरपीएफ यात्रियों से अपील करता है कि अलार्म चेन का उपयोग केवल आपात स्थिति में ही करें। अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग न केवल ट्रेन परिचालन को बाधित करता है, बल्कि अन्य यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को भी प्रभावित करता है। सतीश/21 फरवरी