खेल
21-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप चरण में अजेय रहने के बावजूद भारतीय टीम की कुछ कमजोरियां अब खुलकर सामने आई हैं। सुपर 8 जैसे निर्णायक दौर में टीम संयोजन और बल्लेबाजी क्रम पर सवाल उठने लगे हैं। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की लगातार खराब फॉर्म टीम प्रबंधन के लिए बड़ी चिंता बन गई है, वहीं नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहे तिलक वर्मा का धीमा स्ट्राइक रेट भी दबाव बढ़ा रहा है। अगर भारत को खिताब बचाने की राह पर मजबूती से आगे बढ़ना है, तो इन कमजोरियों को जल्द दूर करना होगा। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में अब तक तीन मैचों में बिना खाता खोए आउट हुए हैं। धीमी पिचों पर स्पिन के खिलाफ टीम का शीर्ष क्रम संघर्ष करता नजर आया है। बाएं हाथ के दो ओपनर होने से ऑफ स्पिनरों को मदद मिल रही है। कोच गौतम गंभीर ने अभ्यास सत्र में अभिषेक से लंबी चर्चा की और गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्केल ने कहा कि अभिषेक नेट्स में गेंद को अच्छी तरह हिट कर रहे हैं और उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। नंबर तीन पर खेल रहे तिलक वर्मा ने चार मैचों में 106 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 120.45 रहा है, जो उनके करियर स्ट्राइक रेट 141.8 से काफी कम है। पाकिस्तान के खिलाफ 25 रन (24 गेंद), नामीबिया के खिलाफ 25 रन (21 गेंद) और नीदरलैंड के खिलाफ 31 रन (27 गेंद) जैसी पारियों में उन्होंने अच्छी शुरुआत तो ली, लेकिन कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए। धीमी पिचों ने भी बल्लेबाजों की परीक्षा ली है। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ सीरीज में टीम ने 200 से ज्यादा का स्कोर बनाया था, लेकिन विश्व कप में ऐसा नहीं हो पाया। अभिषेक की तेज बैट स्विंग धीमी गेंदों पर तालमेल नहीं बैठा पा रही है। ऐसे में ईशान किशन और कप्तान सुर्यकुमार यादव जैसी जिम्मेदार पारियों की जरूरत होगी। हालांकि गेंदबाजी भारत की सबसे बड़ी ताकत रही है। हर मैच में किसी न किसी गेंदबाज ने जिम्मेदारी निभाई है, लेकिन सुपर 8 में सामूहिक प्रदर्शन जरूरी होगा। केवल एक या दो खिलाड़ियों के दम पर जीत की उम्मीद जोखिम भरी हो सकती है। सुपर 8 में भारत को पावरप्ले में स्थिर और आक्रामक शुरुआत, नंबर तीन पर बेहतर स्ट्राइक रेट और धीमी पिचों के अनुसार बल्लेबाजी में बदलाव करना होगा। टीम को ग्रुप चरण की गलतियों से सीख लेकर सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी, तभी खिताब बचाने का सपना पूरा हो सकेगा। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026