खेल
21-Feb-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 22 फरवरी को अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होगा और इसके पहले टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का एक जोशीला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिषेक शर्मा टीम हडल में आगे आकर छोटा लेकिन उत्साहवर्धक भाषण दे रहे हैं। उन्होंने अपने भाषण का अंत “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के नारे के साथ किया, जिससे पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ ने जोरदार उत्साह दिखाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी इस हडल में मौजूद थे और टीम को अभिषेक के जोश से प्रेरित होते देखा गया। मैदान पर अभिषेक शर्मा अब तक लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हो चुके हैं। अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ उन्होंने कोई रन नहीं बना पाए, जबकि बीमारी के कारण वे नामीबिया के मुकाबले में नहीं खेल सके थे। बावजूद इसके, अभ्यास सत्र में उनके चेहरे पर आत्मविश्वास साफ नजर आया। उन्होंने मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ अतिरिक्त समय बिताया और अपनी तकनीक पर खास काम किया। टीम मैनेजमेंट ने लगातार खराब प्रदर्शन के बावजूद अभिषेक के साथ खड़े रहने का भरोसा जताया है। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने साफ कहा कि प्लेइंग इलेवन में उनकी जगह को लेकर कोई चर्चा नहीं है। मोर्केल ने कहा, बिल्कुल कोई चर्चा नहीं। वह वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी हैं और हम वर्ल्ड कप के अहम चरण में उनसे बड़े प्रदर्शन की उम्मीद करते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अभिषेक एक मनोरंजक खिलाड़ी हैं और दर्शक उन्हें खेलते देखना पसंद करते हैं। यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला मैच होगा। 2024 के फाइनल के बाद दोनों टीमें पहली बार सुपर 8 के मंच पर आमने-सामने होंगी। दक्षिण अफ्रीका कप्तान एडेन मार्कराम की अगुवाई में आत्मविश्वास से भरी है, जबकि भारत अभी तक टूर्नामेंट में अजेय रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि क्या अभिषेक शर्मा अपने बल्ले से टीम को सुपर 8 की शुरुआत में मजबूती देंगे। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026