खेल
21-Feb-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)। ग्रुप चरण में चारों मैच जीतकर आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम अब टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 में दक्षिण अफ्रीका की कड़ी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है। रविवार को अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा की नई बल्लेबाजी रणनीति की असली परीक्षा होगी। ग्रुप चरण में भारत को अपेक्षाकृत आसान मुकाबलों का सामना करना पड़ा, लेकिन सुपर 8 में हालात बिल्कुल अलग होंगे। दक्षिण अफ्रीका के पास कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, मार्को यानसन, केशव महाराज और कप्तान एडेन मार्कराम जैसे गेंदबाज हैं, जो भारतीय बल्लेबाजी के लिए गंभीर चुनौती साबित हो सकते हैं। दोनों टीमें पिछले दो महीनों में छठी बार आमने-सामने होंगी। सलामी बल्लेबाजी को छोड़कर शीर्ष क्रम भारत के लिए चिंता का कारण है। ईशान किशन ने दो अर्धशतक के साथ 202 का स्ट्राइक रेट दिखाया, लेकिन अभिषेक शर्मा लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए। तिलक वर्मा ने 25, 25 और 31 रन की पारियां खेलीं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 120 के आसपास रहा, जो उनके करियर औसत 141 से काफी कम है। सूर्यकुमार यादव ने अमेरिका के खिलाफ 84* रन की शानदार पारी खेली, लेकिन इसके बाद स्थिर प्रदर्शन नहीं दिखा। उनका मौजूदा स्ट्राइक रेट 136 है, जो करियर औसत 163 से कम है। भारत की रन गति बनाए रखने की जिम्मेदारी हार्दिक पाडया और शिवम दुबे पर रहेगी, जिनका स्ट्राइक रेट क्रमश: 155 और 178 है। टीम को इन दोनों से आक्रामक योगदान की उम्मीद होगी। वहीं गेंदबाजी भारत की सबसे बड़ी ताकत रही है। जसप्रीत बुमराह ने तीन मैचों में किफायती गेंदबाजी की, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने चार मैचों में 9 विकेट लिए और 5.16 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक और डेविड मिलर किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती दे सकते हैं। संभावित बदलावों में भारतीय टीम अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर की जगह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में शामिल कर सकती है। वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम में लुंगी एनगिडी, मार्को यानसन और केशव महाराज की वापसी की संभावना है। इस मुकाबले में दोनों टीमों के लिए रणनीति और तैयारी निर्णायक साबित होगी। डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026