क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


- आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग राजगढ़(ईएमएस) शनिवार को जिले के सारंगपुर में दलित युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों और दलित समाज के लोगों ने एसडीएम कार्यालय का घेराव किया, जिससे माहौल गरमा गया। दरअसल सारंगपुर के पड़ाना गांव में शनिवार सुबह एक दलित युवक की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अपनी मांगो को लेकर दोपहर में प्रशासन का घेराव किया। जानकारी अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाए परिजन बाद में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय का घेराव कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। इस घेराव से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। - युवक के साथ हुई थी मारपीट मृतक की पहचान कमल सिंह पिता नारायण वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि लगभग तीन महीने पहले पड़ाना गांव के ही विजेंद्र पिता मान सिंह परमार नाम के युवक ने कमल (मृतक) के साथ मारपीट की थी। उस घटना के बाद से कमल का लगातार इलाज चल रहा था। शनिवार को इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण ही कमल की जान गई है, इसलिए आरोपी पर हत्या की धारा में मामला दर्ज किया जाए। टीआई आकानक्षा हाड़ा ने बताया कि पूर्व की घटना के समय कमल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विजेंद्र परमार के खिलाफ मारपीट और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। करीब दो महीने जेल में रहने के बाद आरोपी को न्यायालय से जमानत मिल गई थी। वह फिलहाल बाहर है।वही एसडीएम का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मारपीट की वजह से मौत की पुष्टि होने पर कार्रवाई करेगें। कमल की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पहले अस्पताल और बाद में एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम रोहित बम्हौरे ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पूर्व की घटना में नियमानुसार कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर अगर मारपीट से मौत की पुष्टि होती है तो कानून अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एसडीओपी अरविंदसिंह, थाना प्रभारी आकांक्षा हाडा सहित भारी पुलिस बल तैनात है। अधिकारी लगातार लोगों को समझाइश दे रहे हैं ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे। -निखिल/राजगढ़/21/2/2026