क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


- पंचायत ने लगाया 5001 रुपए जुर्माने का नियम बालोद(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम मेढ़की में ग्रामीणों ने आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए कड़ा फैसला लिया है। गांव में चुगली कर लोगों को भड़काने वालों और सामाजिक-धार्मिक आयोजनों में शराब पीकर पहुंचने वालों पर 5001 रुपये का आर्थिक दंड लगाया जाएगा। ग्राम मेढ़की में आयोजित सामूहिक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक या व्यक्तिगत रूप से किसी की बात को तोड़-मरोड़कर दूसरे तक पहुंचाकर विवाद पैदा करता है, तो उस पर 5001 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि कुछ लोग इधर की बात उधर कर गांव में तनाव और झगड़े की स्थिति पैदा कर देते हैं, जिससे माहौल बिगड़ रहा था। बैठक में यह भी तय किया गया कि सामाजिक या धार्मिक भोज में शराब का सेवन कर पहुंचने वाले व्यक्ति को भी 5001 रुपये का दंड भरना होगा। ग्रामीणों ने कहा कि नशे की हालत में की गई टिप्पणियों से अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है और आपसी रिश्तों में खटास आती है। ग्रामीणों के अनुसार, छोटी-छोटी बातों पर बढ़ते मनमुटाव और झगड़ों ने गांव के माहौल को प्रभावित किया था। इसे देखते हुए गांव के बुजुर्गों और जिम्मेदार लोगों ने पहल कर सर्वसम्मति से यह नियम लागू किया है। उनका कहना है कि इस फैसले से गांव में शांति और भाईचारा मजबूत होगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 फरवरी 2026