क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


- गांव में खुले कुएं में गिरने से 4 साल की बच्ची की मौत मुंगेली(ईएमएस)। जिले के अमलीकापा गांव में एक दर्दनाक हादसे में 4 साल की मासूम बच्ची की खुले कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मामला जरहागांव थाना क्षेत्र का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्ची घर के पास खुले कुएं के समीप खेल रही थी। इसी दौरान वह पास में लगे पेड़ से बेल तोड़ने की कोशिश कर रही थी। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे खुले कुएं में जा गिरी और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और गोताखोर विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कुएं से बाहर निकाला। घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। एडिशनल एसपी मयंक तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बच्ची बेल तोड़ने के दौरान संतुलन खो बैठी और कुएं में गिरकर डूब गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ माह पूर्व खेड़ा गांव में भी कुएं के अंदर जहरीली गैस के रिसाव से चाचा-भतीजे की मौत हो गई थी। इसके अलावा एक अन्य घटना में भी जहरीली गैस के कारण जान जाने का मामला सामने आया था। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 फरवरी 2026