क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


- आखिरी बार मंगेतर से मैसेज पर हुई थी बात राजगढ़(ईएमएस) जिले के खिलचीपुर थाना अंतर्गत भादाहेड़ी गांव का 23 वर्षीय छात्र लोकेश दांगी राजस्थान के कोटा से बीते तीन दिन से लापता है। वह 17 फरवरी 2026 की दोपहर 3 बजकर 35 मिनट के बाद से किसी को भी नही मिला है। नहर किनारे उसका मोबाइल, जूते, मोजे, घड़ी और कैप मिलने के बाद परिवार की चिंता और ज्यादा बढ़ गई है। जानकारी अनुसार लोकेश पिछले पांच वर्षों से कोटा के नया नोहरा इलाके में एलेन सुपथ के पास एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। वह डॉक्टर बनने का सपना लेकर कोटा पहुंचा था। परिवार के अनुसार, लोकेश पढ़ाई को लेकर गंभीर और अनुशासित था और रोजाना दो से तीन बार वीडियो कॉल या फोन पर घरवालों से बात करता था। लोकेश अपने पिता रामबाबू दांगी का इकलौता बेटा है, जो गांव में निजी पशु चिकित्सक हैं। उसकी एक छोटी बहन भी है। - हॉस्टल से निकला फिर नहीं लौटा बताया जाता है कि राजस्थान के कोटा के हॉस्टल से वह 17 फरवरी को दोपहर 3:35 बजे गुलाबी शर्ट, लोअर और कैप पहने हॉस्टल से बाहर निकलता सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया। लेकिन शाम तक जब उसका फोन नहीं लगा तो परिवार घबरा गया। उसी रात परिजन राजस्थान के कोटा पहुंचे और बोरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 18 फरवरी को नहर के पास भैंस चरा रहे एक व्यक्ति ने कोटा के तथैड चौकी पुलिस को सूचना दी कि किसी युवक का सामान वहां काफी देर से पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो जूते (जिनमें मोजे सलीके से रखे थे), घड़ी, कैप और मोबाइल बरामद हुआ। चौकी पुलिस ने यह सूचना कैथून थाने को दी , जब पुलिस ने सामान परिजनों को दिखाया गया तो उन्होंने उसकी पहचान लोकेश के सामान के रूप में की। यह खबर मिलते ही परिवार की चिंता और बढ़ गई। इधर पुलिस ने रेस्क्यू के लिए टीम को बुलाया लेकिन तभी बारिश शुरू हो गई । कुछ देर बाद बारिश और अंधेरा होने के कारण उस 18 फरवरी की शाम सर्च रोकना पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने 19 फरवरी सुबह 7 बजे से रेस्क्यू शुरू किया । यह रेस्क्यू दो दिन चला, आज रेस्क्यू का तीसरे दिन है, आज शनिवार को भी 15 सदस्यीय टीम नहर में लगातार सर्च अभियान चला रही है। बताया जा रहा है कि अब तक 35 से 40 किलोमीटर तक तलाश की जा चुकी है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। - परिजनों ने नहर किनारे डाला डेरा 19 तारिक को भादाहेड़ी और आसपास के गांवों से 40 से अधिक परिजन और रिश्तेदार कोटा पहुंच चुके थे । लेकिन एक दिन बाद कुछ लोग वह से लौट आए है, जबकि की अभी वह लापता युवक के पिता सहित 15 से अधिक लोगों ने नहर किनारे ही डेरा डाले हुए हैं। पिता की आंखें हर गुजरते पल में बेटे को तलाशती हैं। बताया जा रहा है कि लापता युवक की मां की हालत बेहद खराब है। वे गांव में है। लेकिन बेटे की चिंता में बार-बार बेसुध हो जाती हैं। घर में सन्नाटा पसरा है और गांव में भी बेचैनी का माहौल है। - सगाई के बाद अब शादी की तैयारी थी लोकेश की सगाई हो चुकी थी। परिवार पढ़ाई पूरी होने के बाद जल्द शादी की तैयारी करने में लगा था। परिजनों के अनुसार, लापता होने से पहले उसकी आखिरी बातचीत अपनी मंगेतर से मैसेज पर हुई थी। पुलिस का कहना है कि हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है और रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा। इधर परिवार और गांव वाले दुआ कर रहे हैं कि लोकेश सुरक्षित लौट आए। -निखिल/राजगढ़/21/2/2026