क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


- 1 मार्च तक विदर्भ के तीखे और पारंपरिक व्यंजनों का मिलेगा स्वाद :: इंदौर (ईएमएस)। भारतीय खान-पान की विविधता और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के प्रसिद्ध तीखे स्वादों से रूबरू कराने के लिए होटल द पार्क, इंदौर के रेस्टोरेंट एपिसेंटर में विशेष साओजी फूड फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। इंदौर मीट साओजी थीम पर आधारित यह उत्सव 20 फरवरी से शुरू होकर 1 मार्च तक चलेगा, जहाँ शहरवासी नागपुर की पारंपरिक साओजी रसोई के प्रामाणिक व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। फूड फेस्टिवल में मेहमानों के लिए विदर्भ और महाराष्ट्रीयन देसी स्वादों का एक विस्तृत मेन्यू क्यूरेट किया गया है। स्टार्टर्स में मटन सुक्खा, चिकन कोलिवाड़ा, वराड़ी चिकन और कोथिंबीर वड़ी जैसे व्यंजन शामिल हैं। मुख्य व्यंजनों (मेन कोर्स) में साओजी मटन, तामरस्सा कोम्बडी, भरली वांगी, झुणका-भाकरी, और पनीर साओजी जैसे प्रसिद्ध विकल्प परोसे जा रहे हैं। लाइव स्टेशन पर पूरणपोळी, फ्राइड मोदक और थालीपीठ ताज़ा तैयार किए जा रहे हैं, जबकि मिष्ठान में श्रीखंड और बासुंदी आकर्षण का केंद्र हैं। :: प्रामाणिक स्वाद के लिए तैयार किया विशेष मसाला :: द पार्क के एग्जीक्यूटिव शेफ संतोष यादव ने बताया कि साओजी रसोई अपनी विशिष्ट पकाने की विधि और मसालों की तीव्रता के लिए प्रसिद्ध है। इसके लिए एक विशेष साओजी मसाला तैयार किया गया है, जो अपने तीखेपन और गहरे रंग के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा, हमारा प्रयास है कि इंदौर के लोग न केवल इस भोजन का स्वाद चखें, बल्कि इसकी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान से भी परिचित हों। :: विदर्भ जैसा अनुभव अब इंदौर में :: होटल के फूड एंड बेवरेज डायरेक्टर सुदीप कांजीलाल ने आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस फेस्टिवल का उद्देश्य मेहमानों को वह प्रामाणिकता प्रदान करना है, जो आमतौर पर विदर्भ क्षेत्र में ही मिलती है। यहाँ के माहौल, प्रस्तुतिकरण और स्वाद के माध्यम से साओजी भोजन की असली पहचान को पेश किया जा रहा है। 1 मार्च तक चलने वाला यह फेस्टिवल तीखे और मसालेदार भोजन के शौकीनों के लिए एक बेहतरीन गंतव्य साबित होगा। प्रकाश/21 फरवरी 2026