जबलपुर, (ईएमएस)। बरेला थानांतर्गत दो किसान भाईयों की भूमि का सौदा 1 करोड़ 87 लाख रुपए में तय कर एक बिल्डर ने महज 41 लाख रुपए देकर जमीन हथिया ली। शेष राशि के चैक न सिर्फ बाउंस हो गए बल्कि बिना राशि दिए बिल्डर ने जमीन पर कब्जा कर कार्य भी प्रारंभ कर दिया। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जीकेएस कंस्ट्रक्शन के रमनीत सिंह सेठी, नितिन कक्कड, सागर सिंह गौर, देवेन्द्र सिंह पटेल, राहुल पटेल के विरुद्ध धारा 318 (4), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया गया। पुलिस के अनुसार इस मामले में पीडि़त किसान वार्ड नंबर 15, किसानी मोहल्ला, भैरव बाबा मंदिर निवासी 74 वर्षीय राम लाल पटेल पिता मुसद्दी लाल पटेल ने लिखित शिकायत दी। शिकायत में वृद्ध राम लाल ने बताया कि उनके एवं उनके छोटे भाई 60 वर्षीय रामसेवक पटेल की खसरा न. 503/1 रकबा 0.243 हेक्ट. एवं खसरा न. 503/3 रकबा 0.440 हेक्ट. कुल भूमि 0.683 हेक्ट. भूमि हैं। उक्त भूमि का सौदा दोनों किसान भाईयों ने आरोपी बिल्डर ए/1-3 ए प्रीत विहार साई मंदिर के पास नर्मदा रोड ग्वारीघाट निवासी 46 वर्षीय रमनीत सिंह सेठी से 26 नवंबर 2024 को 1 करोड़ 87 लाख रुपए में तय किया। सौदा आरोपी दलाल बरेलाल निवासी सागर सिंह गौर एवं देवेन्द्र सिंह पटेल व्दारा कराया गया। तीनो दलालों ने 28 नवंबर 2024 को इकरारनामा की लिखा पढ़ी कराने के लिए कृषक भाईयों को कलेक्ट्रेट कार्यालय बुलाया। आरोपी रमनीत सिंह सेठी और दलालों व्दारा कहा गया कि ऐग्रीमेंट होने के बाद 1 करोड़ 11 लाख रुपये मिलेंगे तथा शेष राशि 76 लाख रुपये के लिए आठ माह का समय लिया जा रहा हैं। वृद्ध किसानों ने आरोपी रमनीत सिंह सेठी और दलालों पर भरोसा करके इकरार नामा समझ कर दस्तावेज में दस्तखत कर दिये लेकिन निष्पादित किये गये दस्तावेज धोखाधड़ी से कराया गया। वह मुख्तयारनामा रमनीत सिंह सेठी और नितिन कक्कड को किया गया इसकी जानकारी दोनों वृद्ध भाईयों को नहीं दी गई। उन्हें 20 लाख रुपए नगद दिए गए तथा 17 चैक बैंक आफ महाराष्ट्र के आरोपी रमनीत सिंह सेठी ने दिये थे। सात-सात लाख के दो चैक और तेरह लाख पचास हजार का एक चैक बाउंस हो गया। जिसके बाद और भी चैक नही लगाये क्योकि उसके खाते में पैसा नहीं था। इस तरह आरोपी रमनीत सिंह व्दारा मुख्तयारनामा के आधार पर 72 लाख रूपये की राशि दर्शाते हुये दस्तावेज निष्पादित कराये गए थे। जिसमें से कुल 41 लाख नगद एवं चैक के माध्यम से दोनों कृषक भाईयो को दिये थे शेष 1 करोड़ 46 लाख रुपए आरोपी रमनीत सिंह सेठी से लेना शेष था। जिसके एवज में आरोपी ने 17 चैक दिये जो कुछ बाऊंस हो गए। रुपयों की मांग करने पर आरोपी बिल्डर एवं उसके गुर्गों द्वारा वृद्ध किसान भाईयों को धमकाया जा रहा हैं। सुनील साहू / शहबाज/ 21 फरवरी 2026