क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


जबलपुर,(ईएमएस)।गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वंशकार मोहल्ले में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां प्रेम विवाह से नाराज़ पिता ने अपनी ही बेटी पर बांस छीलने वाली ‘बाकी’ से हमला कर दिया। घायल युवती ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गोरखपुर पुलिस थाना से प्राप्त जानकारी अनुसार वंशकार मोहल्ला निवासी आरती वंशकार बांस की टोकरी बनाने का कार्य करती है। उसने करीब एक सप्ताह पूर्व अमित वंशकार से अपनी पसंद से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद 18 फरवरी को वह अपने पिता मुकेश वंशकार के घर आई थी। शुक्रवार शाम वह घर पर मौजूद थी, तभी उसके पिता मुकेश वंशकार प्रेम विवाह को लेकर उससे नाराज़गी जताने लगे। इसी बात को लेकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब आरती ने उन्हें गालियां देने से मना किया तो पिता का गुस्सा बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान मुकेश वंशकार ने बांस छीलने में उपयोग होने वाली ‘बाकी’ से उस पर हमला कर दिया। वार से आरती की हाथ की कलाई में चोट आई। घटना के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घायल युवती ने साहस दिखाते हुए गोरखपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सुनील साहू / शहबाज/ 21 फरवरी 2026