- दो माह से भुगतान लंबित, ट्रेनों की साफ सफाई बंद जबलपुर, (ईएमएस)। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर स्थित कोचिंग डिपो में शनिवार 21 फरवरी की सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब ट्रेनों की साफ-सफाई का कार्य करने वाले कर्मचारियों ने दो माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में कामबंद हड़ताल कर दी। बड़ी संख्या में कर्मचारी कोचिंग डिपो के मेन गेट पर बैठ गए और वेतन भुगतान की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें हर माह वेतन के लिए परेशान होना पड़ता है। माह समाप्त होने को आ जाता है, लेकिन उनके वेतन का कोई अता-पता नहीं रहता। इस बार स्थिति और गंभीर है, क्योंकि दो माह से भुगतान लंबित बताया जा रहा है। हड़ताल में शामिल अधिकांश कर्मचारी महिलाएं हैं। उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरे महीने ट्रेनों की साफ-सफाई का कठिन कार्य करती हैं। यात्रियों द्वारा छोड़ी गई गंदगी को भी पूरी ईमानदारी और मेहनत से साफ करती हैं, ताकि रेल यात्री स्वच्छ वातावरण में यात्रा कर सकें। महिला कर्मचारियों ने कहा कि उनकी उम्मीद रहती है कि महीने के अंत में मेहनत की पगार समय पर मिल जाए, जिससे घर-परिवार का खर्च चल सके। लेकिन लखनऊ की आरएन इंडस्ट्री नामक कंपनी समय पर वेतन नहीं देती। उनका कहना है कि भविष्य निधि (पीएफ) की राशि को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती। बिल अटका होने का हवाला........ पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि जब भी वे वेतन के संबंध में शिकायत करते हैं, तो कंपनी के सुपरवाइजर यह कहकर टाल देते हैं कि डीआरएम कार्यालय में बिल रुका हुआ है। बिल पास होने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। महिला कर्मचारियों ने दुख जताते हुए कहा कि फरवरी माह समाप्त होने को है, लेकिन उन्हें जनवरी माह का वेतन भी प्राप्त नहीं हुआ है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। सुनील साहू / शहबाज/ 21 फरवरी 2026