क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


- संबंधित शाला प्रबंधन एवं बीआरसीसी को नोटिस परीक्षार्थियों के हितों की रक्षा की जायेगी ग्वालियर ( ईएमएस ) | डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल की लापरवाही की वजह से इस संस्था के 5वी व 8वी बोर्ड परीक्षा के परीक्षार्थियों को हुई असुविधा को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इस प्रकरण में डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल के प्राचार्य एवं बीआरसीसी जनपद शिक्षा केन्द्र मुरार शहरी क्र.-2 राकेश शर्मा को प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक को प्रतिवेदन भेजा गया है। प्रभारी कलेक्टर श्री सत्यम ने कहा है कि परीक्षार्थियों के हितों की रक्षा की जाएगी। जिला परियोजना समन्वयक श्री रविन्द्र सिंह तोमर ने जानकारी दी है कि विद्यार्थी और पालकों को निराश होने की जरूरत नहीं है । असफल होने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा परिणाम उपरांत राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा परीक्षा का द्वितीय अवसर प्रदान किया जायेगा । साथ ही आगे होने प्रश्न पत्रों में एससीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रश्नपत्र प्रदान किये जायेंगे । जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री तोमर ने बताया कि सनराइज पब्लिक स्कूल दीनदयालनगर में डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल वायुनगर का परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल द्वारा पोर्टल पर एनसीईआरटी पाठ्यक्रम का विकल्प भरा गया था। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र व अटेडेंस शीट पर भी एनसीआरटीई का विकल्प लिखकर आया था। इस कारण परीक्षार्थियों को 20 फरवरी को एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रवेश पत्र वितरित कर दिए गए। परीक्षार्थियों द्वारा कहा गया कि उन्होंने एससीईआरटी पद्धति से पढ़ाई की है, पर उन्हें एनसीईआरटी का पेपर क्यों दिया गया है। यह लापरवाही सामने आने पर डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल प्रबंधन को तलब किया गया। शाला प्रबंधन ने अपनी भूल स्वीकार कर एससीईआरटी पाठ्यक्रम का पेपर देने का आग्रह किया। डीपीसी श्री तोमर ने बताया कि 20 फरवरी को पांचवी और आठवीं बोर्ड परीक्षा 2025 - 26 में प्रथम भाषा हिंदी और अंग्रेजी (हिन्दी और अंग्रेजी माध्यम ) का प्रश्न पत्र था । जिसके कक्षा 8 के 28156 एवं कक्षा 5 के 32773 छात्रों ने परीक्षा दी थी। 5वीं और 8वी में 2890 छात्र अनुपस्थित रहे ।परीक्षा केन्द्र सनराइज पब्लिक स्कूल दीनदयाल नगर ग्वालियर में डॉन बॉस्को पब्लिक स्कूल के छात्र कक्षा 5 और 8 की परीक्षा दे रहे थे । अब शाला प्रबंधन ने अपनी भूल स्वीकार करते हुए अपने विद्यालय को एनसीआरटी पाठ्यक्रम के स्थान पर एससीईआरटी पाठ्यक्रम में बदलने का आवेदन आज शाम परीक्षा उपरांत दिया गया । जिसके आधार पर संशोधन किया जायेगा और आगे होने प्रश्न पत्रों में एससीईआरटी पाठ्यक्रम के प्रश्नपत्र प्रदान किये जायेंगे ।