क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम अनुराग सिंह रघुवंशी उर्फ राजबीर निवासी इन्दौर, पराग जायसवाल निवासी गाडरवाड़ा नरसिंहपुर और सौरभ मालवीय निवासी ऐशबाग भोपाल हैं। इन्होंने एक महिला से उक्त ठगी की थी। महिला ने मोबाइल पर ट्रेडिंग इन्वेस्टमेंट का विज्ञापन देखा और उस पर क्लिक किया। इसके बाद उसे वाट्सएप काल आई, जिसमें काल करने वालों ने स्टाक मार्केट में निवेश का झांसा देकर पहले कुछ पैसे लगवाए और मुनाफे का लालच दिया। महिला ने अपने पति के साथ मिलकर और अधिक रकम निवेश कर दी। इस तरह कुल ठगी की गई रकम 50 लाख 65 हजार रुपये की थी। थाना साइबर क्राइम में शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया था। जिसमें जांच के बाद पहले छत्तीसगढ़ के दुर्ग से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। उनसे पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अब इन तीनों को कुरूक्षेत्र से पकड़ा। मामले में पुलिस ने 14 लाख 88 हजार रुपये होल्ड कर शिकायतकर्ता को वापस भी दिलवा दिए हैं। आनंद पुरोहित/ 21 फरवरी 2026