21-Feb-2026
...


- यशवंत क्लब में आयएसए क्रिकेट लीग का रोमांचक आगाज़ :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर सॉफ्टवेयर एसोसिएशन (आयएसए) द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित आयएसए क्रिकेट लीग का भव्य शुभारंभ यशवंत क्लब के मैदान पर हुआ। टूर्नामेंट के पहले दिन सॉफ्टवेयर जगत की प्रतिभाओं ने कोडिंग और प्रोग्रामिंग से इतर मैदान पर अपने अद्भुत खेल कौशल, जोश और अनुशासन का परिचय दिया। लीग के शुरुआती मुकाबलों में आईटी पेशेवरों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा और रोमांच देखने को मिला। प्रतियोगिता के पहले दिन ग्रुप ए में शामिल आरणा सॉफ्टेक और कंट्रोल-एफ5 ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और तकनीकी श्रेष्ठता के बल पर जीत दर्ज की। दोनों ही टीमों ने मैदान पर बेहतरीन फील्डिंग और बल्लेबाजी का तालमेल बिठाते हुए क्वार्टर-फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीमों ने स्पोर्ट्समैन स्पिरिट की अनूठी मिसाल पेश की, जिसने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। :: अगले नॉकआउट मुकाबलों का शेड्यूल :: आयएसए प्रबंधन के प्रतिनिधि सचिन साबू एवं स्वप्निल बंसल ने जानकारी दी कि लीग के अगले महत्वपूर्ण नॉकआउट मुकाबले 22, 27 एवं 28 फरवरी को यशवंत क्लब में ही खेले जाएंगे। उन्होंने टीमों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी सहभागियों को बधाई दी और आगामी चुनौतीपूर्ण मैचों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उल्लेखनीय है कि यह क्रिकेट लीग इंदौर के आईटी समुदाय के लिए केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उनके बीच एकता, नेतृत्व क्षमता और परस्पर सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। प्रकाश/21 फरवरी 2026