पटना, (ईएमएस)। बिहार के पांच जिलों में भीड़ ने बच्चा चोरी के शक में चार लोगों पर हमला किया। ये घटनाएं पटना, मुजफ्फरपुर, शेखपुरा, नवादा और कटिहार जिलों से सामने आई है। सभी मामलों में, पीड़ितों को पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मुजफ्फरपुर जिले में भीड़ ने बच्चा चोरी के आरोप में दो महिलाओं को बंधक बना लिया। बताया जा रहा है कि महिलाएं धार्मिक पर्चे बांट रही थीं, तभी एक अफवाह फैल गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने तुरंत दखल दिया, महिलाओं को बचाया और उन्हें सुरक्षित जगह पर ले गई। यह घटना मनियारी पुलिस स्टेशन के तहत सोनबरसा बाजार में हुई, जहां महिलाओं को गलती से बच्चा चोर समझ लिया गया। स्थानीय लोगों के पुलिस को बताने से पहले बड़ी भीड़ जमा हो गई और उन पर हमला करने की धमकी दी। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही वहां पुलिस पहुंची और महिलाओं को सुरक्षात्मक हिरासत में ले लिया और घटना की जांच कर रही है। दूसरा मामला पटना जिले में, बाढ़ पुलिस स्टेशन इलाके की उमानाथ मंदिर के पास की है जहां एक व्यक्ति पर उस वक्त हमला किया गया, जब उसने एक बच्चे का हाथ पकड़ा हुआ था। पूछताछ करने पर उसने कहा कि वह बच्चे को उसके पिता के पास ले जा रहा था और उसने चॉकलेट दी थी। सैकड़ों लोगों के इकट्ठा होने और उस पर हमला करने से मामला बिगड़ गया। जब पुलिस पहुंची, तो भीड़ ने उसकी गाड़ी को भी निशाना बनाया। आरोपी की पहचान बख्तियारपुर के बहापर इलाके के बमभोले के रूप में हुई है, जो पुलिस हिरासत में है। फ़िलहाल पुलिस जाँच कर रही है। वहीं तीसरी घटना शेखपुरा में, टाउन थाना इलाके के कमासी गांव में घटी जहाँ एक 20 साल की महिला को भीड़ ने तब पीटा जब वह डेढ़ साल की बच्ची को ले जाते हुए देखी गई। बच्ची की मां ने शोर मचाया, जिससे स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और महिला पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से बचाया। वहीं नवादा जिले में वारसलीगंज थाने के बाघी बरडीह गांव में बच्चा चोरी के शक में एक महिला पर इसी तरह हमला किया गया। उधर कटिहार जिले में, गुरुवार देर रात मुफस्सिल थाना इलाके के हफलागंज में भीड़ ने एक बुजुर्ग महिला को पीटा। कहा जाता है कि उसे इलाके में घूमते हुए देखा गया था, जिससे शक हुआ। उसके बेगुनाह होने की दलीलों के बावजूद, उसके साथ मारपीट की गई। संतोष झा- २१ फरवरी/२०२६/ईएमएस