राज्य
21-Feb-2026


:: यात्रियों को किफायती दरों पर मिलेगा भोजन; 50 करोड़ से संवरा पुराना टर्मिनल वीवीआईपी मूवमेंट के लिए होगा इस्तेमाल :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही किफायती दरों पर खान-पान की सुविधा उपलब्ध होगी। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू आगामी अप्रैल माह में अपने इंदौर प्रवास के दौरान उड़ान यात्री कैफे का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। सांसद शंकर लालवानी ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू से मुलाकात कर उन्हें अप्रैल में इंदौर आने का निमंत्रण दिया है। अपनी यात्रा के दौरान मंत्री नागरिक उड्डयन मंत्रालय की विशेष पहल उड़ान यात्री कैफे का उद्घाटन करेंगे। इस कैफे का मुख्य उद्देश्य हवाई अड्डे पर यात्रियों को सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही अन्य यात्री सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। :: टर्मिनल के दबाव को कम करने की तैयारी :: हवाई अड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए पुराने टर्मिनल भवन का 50 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है। लालवानी ने बताया कि इस भवन का उपयोग अब छोटे विमानों के संचालन के साथ-साथ वीवीआईपी (VVIP) और वीआईपी उड़ानों के लिए किया जाएगा। इस बदलाव से मुख्य टर्मिनल भवन पर भार कम होगा और आम यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी। यात्री क्षमता बढ़ाने के लिए वर्तमान टर्मिनल में 200 नई सीटें भी लगाई गई हैं। :: मध्य भारत का सबसे व्यस्त केंद्र :: गौरतलब है कि इंदौर का हवाई अड्डा मध्य भारत के सबसे प्रमुख और व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। वर्तमान में यहाँ से प्रतिदिन 100 से अधिक उड़ानों का संचालन होता है, जिनमें 94 अनुसूचित यात्री उड़ानें शामिल हैं। सुविधाओं के विस्तार और किफायती कैफे की शुरुआत से प्रतिदिन सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रकाश/21 फरवरी 2026