राज्य
21-Feb-2026


* कार्यकर्ताओं को संदेश - “अब समय डिजिटल पहुंच का, हर बूथ तक मजबूत करें संपर्क” अहमदाबाद (ईएमएस)| भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। अपने इस प्रवास के दौरान उन्होंने आज प्रदेश भाजपा संगठन के वर्तमान पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, प्रभारी, जिला भाजपा अध्यक्ष, महामंत्री, युवा मोर्चा अध्यक्ष तथा सोशल मीडिया से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया। नितिन नवीन ने कहा कि हाल ही में दिल्ली में यूथ कांग्रेस द्वारा एआई समिट का विरोध किया गया था। इस मुद्दे पर भाजपा के समर्थन में सोशल मीडिया पर कितने लोगों ने पोस्ट की, यह जानने के लिए जब उन्होंने हाथ उठाने को कहा तो लगभग 20 लोगों ने ही हाथ उठाया। इस पर उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक होने के बावजूद केवल 33 प्रतिशत लोग ही सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि अब समय सोशल मीडिया का है और इसी माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले बड़े नेताओं की सभाओं में दूर-दूर से लोग आते थे, लेकिन आज के डिजिटल युग में लोगों तक पहुंचने का सबसे प्रभावी माध्यम सोशल मीडिया ही है। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जमीनी स्तर पर भी लगातार संपर्क बनाए रखें। बूथ स्तर तक लोगों से मिलें, पार्टी की विचारधारा और योजनाओं पर संवाद करें तथा सुझावों का आदान-प्रदान करें। बैठक में मौजूद प्रभारियों को भी उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जिलों में अपने लोगों को ‘सेट’ करना उचित नहीं है। प्रतिनिधियों की अपने समाज पर पकड़ होनी चाहिए, ताकि पार्टी को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने बेहतर परिणाम के लिए पद से दो कदम नीचे तक संगठन को मजबूत करने की सलाह भी दी। राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा लिए गए निर्णय, नीतियां और नियम प्रत्येक स्तर तक पहुंचें, इसके लिए सक्रिय रहने का आह्वान करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया को और अधिक सशक्त बनाने तथा ग्रुप मीटिंगों के माध्यम से लोकसंपर्क मजबूत करने पर जोर दिया। सतीश/21 फरवरी